BHU PG Admission 2026: दूसरे राउंड की काउंसिलिंग शुरू, फीस न जमा करने पर रद्द होगी सीट
वाराणसी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सीट आवंटन और काउंसिलिंग के दूसरे राउंड की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय की केंद्रीय प्रवेश समिति ने इसके लिए संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। निर्धारित शेड्यूल के अनुसार तीसरे राउंड की प्रक्रिया 22 जून और चौथे राउंड की प्रक्रिया 25 जून से शुरू होगी।
इसके साथ ही ग्रुप डिस्कशन और पर्सनल इंटरव्यू (GDPI) की प्रक्रिया भी गुरुवार से शुरू हो गई है, जो 25 जून तक चलेगी। केंद्रीय प्रवेश समिति के प्रमुख प्रोफेसर भास्कर ने बताया कि दूसरे राउंड में बड़ी संख्या में सीटें भरने की संभावना है। इस चरण के बाद यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि विभिन्न पाठ्यक्रमों में कितनी सीटों का अपग्रेडेशन किया जाना है।
उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी कि सीट आवंटित होने के बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश शुल्क जमा करना अनिवार्य है। यदि कोई अभ्यर्थी समय पर शुल्क जमा नहीं करता है तो उसकी आवंटित सीट स्वतः निरस्त कर दी जाएगी। इतना ही नहीं, ऐसे अभ्यर्थी आगे होने वाले किसी भी सीट आवंटन राउंड में शामिल नहीं हो सकेंगे।
छात्रों को मिला 'फ्रीज' और 'अपग्रेड' का विकल्प
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए ‘फ्रीज’ और ‘अपग्रेड’ का विकल्प भी उपलब्ध कराया है। ‘फ्रीज’ विकल्प चुनने वाले छात्रों की वर्तमान सीट सुरक्षित मानी जाएगी और उसमें कोई बदलाव नहीं होगा। वहीं, ‘अपग्रेड’ विकल्प का चयन करने वाले छात्रों को आगामी राउंड में बेहतर विकल्प उपलब्ध होने पर नई सीट आवंटित की जा सकती है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि जीडीपीआई के पहले और दूसरे राउंड के परिणामों के साथ-साथ सीट आवंटन की अगली तिथियों की घोषणा भी जल्द की जाएगी। ऐसे में छात्रों को नियमित रूप से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और प्रवेश पोर्टल पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
