BHU ने MSc लाइफ साइंसेज समेत कई कोर्सों में एडमिशन प्रक्रिया शुरू की, 10 जुलाई तक करें आवेदन
Varanasi : बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए MSc लाइफ साइंसेज, MSc बायोटेक्नोलॉजी, MSc मॉलिक्यूलर एंड ह्यूमन जेनेटिक्स और BA-BEd कोर्स में दाखिले को लेकर बड़ी घोषणा की है। विश्वविद्यालय ने अपने आधिकारिक X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि इन पाठ्यक्रमों के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
BHU के अनुसार MSc लाइफ साइंसेज में प्रवेश GAT-B और CUET-PG स्कोर के आधार पर दिया जाएगा। वहीं अन्य पीजी कोर्सों में भी एडमिशन प्रक्रिया निर्धारित प्रवेश परीक्षाओं के माध्यम से ही पूरी की जाएगी। आवेदन की अंतिम तिथि 10 जुलाई 2026 तय की गई है।
प्रवेश के प्रमुख नियम
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों को आवेदन करते समय संबंधित परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य है और BHU को अपने विकल्प के रूप में चुनना जरूरी है। एडमिशन BHU की ऑफिशियल एलॉटमेंट प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।
योग्यता और कोर्स
MSc लाइफ साइंसेज में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी के पास न्यूनतम 50% अंकों के साथ BSc डिग्री होना आवश्यक है। विश्वविद्यालय बायोकेमिस्ट्री, बॉटनी, एनवायरनमेंटल साइंस और एप्लाइड माइक्रोबायोलॉजी जैसे कई विषयों में विशेषज्ञता के साथ MSc कोर्स संचालित करता है।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक छात्र BHU की आधिकारिक वेबसाइट bhuadm.samarth.edu.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय सभी जरूरी दस्तावेज और जानकारी सावधानीपूर्वक अपलोड करने की सलाह दी गई है, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
