छात्रों के लिए बड़ी खबर: UP Board Exam से पहले बोर्ड की खास एडवाइजरी, हेल्पलाइन नंबर भी जारी
Lucknow : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेंगी। परीक्षाओं को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए पूरे प्रदेश में कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।
परीक्षा का समय और शेड्यूल
- पहली पारी : सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक
- दूसरी पारी : दोपहर 2:00 से शाम 5:15 बजे तक
कक्षा 10 की परीक्षा हिंदी विषय से शुरू होगी, इसके बाद कंप्यूटर का पेपर होगा। दोनों परीक्षाएं दो पारियों में आयोजित की जाएंगी।
तैयारी की समीक्षा बैठक
अतिरिक्त मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा की अध्यक्षता में ऑनलाइन बैठक हुई। इसमें शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, निदेशक और बोर्ड सचिव शामिल रहे। बैठक में जिला स्तर पर बनाए गए कमांड और कंट्रोल रूम की नियमित जांच करने और परीक्षा केंद्रों पर निरीक्षण के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि केंद्रों पर पर्याप्त फर्नीचर, साफ टॉयलेट, पानी और बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
परीक्षा केंद्रों पर सख्त सुरक्षा
- सभी परीक्षा केंद्रों के कंट्रोल रूम पर सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती अनिवार्य।
- जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश कि परीक्षा ड्यूटी से जुड़े कर्मचारियों की जानकारी कंट्रोल रूम में सही ढंग से दर्ज की जाए।
- निरीक्षकों और उनके पहचान पत्रों का गहन सत्यापन।
- संवेदनशील केंद्रों पर उड़न दस्तों की विशेष निगरानी।
- महत्वपूर्ण केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा से निगरानी।
प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा
बोर्ड सचिव ने प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं रखने वाले कमरों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए। परीक्षाओं से जुड़ी सोशल मीडिया अफवाहों पर तुरंत कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया। परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित तरीके से निर्धारित केंद्रों तक पहुंचाने के भी निर्देश जारी हुए।
छात्रों के लिए बोर्ड की सलाह
- अंतिम दिनों में केवल रिवीजन पर ध्यान दें।
- मॉडल पेपर हल करें, नोट्स दोहराएं और शिक्षकों से शंकाएं दूर करें।
- आखिरी समय में नए विषय शुरू न करें।
- नियमित दिनचर्या बनाए रखें, पर्याप्त नींद लें और संतुलित आहार लें।
- परीक्षा केंद्र पर समय पर पहुंचें, देर से पहुंचने पर प्रवेश नहीं मिलेगा।
- तनाव से दूर रहें, दूसरों से तुलना न करें।
- जरूरत पड़ने पर अभिभावकों या शिक्षकों से बात करें।
- सहायता के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन: 14416 और 800-891-4416 उपलब्ध।
