Movie prime

Bihar STET 2026: नोटिफिकेशन जारी, 17 अगस्त से आवेदन; जानें योग्यता, उम्र सीमा और पूरा प्रोसेस
 

 
 Bihar STET 2026: नोटिफिकेशन जारी, 17 अगस्त से आवेदन; जानें योग्यता, उम्र सीमा और पूरा प्रोसेस
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET) 2026 के लिए आवेदन की तारीख घोषित कर दी है। बिहार STET 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 17 अगस्त 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 31 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। परीक्षा की तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।

अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए परीक्षा समिति की वेबसाइट stetregistration.cbrt.co.in पर जाना होगा। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। STET पास करने वाले अभ्यर्थियों को लाइफटाइम वैलिड सर्टिफिकेट मिलेगा। यह प्रमाणपत्र भविष्य में होने वाली BPSC शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए उपयोगी होगा।

ऑनलाइन देना होगा परीक्षा शुल्क

एक पेपर के लिए सामान्य, EWS, BC और EBC वर्ग के अभ्यर्थियों को 960 रुपये, जबकि SC, ST और PH वर्ग के अभ्यर्थियों को 760 रुपये शुल्क देना होगा।

दोनों पेपर के लिए सामान्य, BC और EWS वर्ग के अभ्यर्थियों का शुल्क 1,440 रुपये, जबकि SC, ST और PH वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 1,140 रुपये निर्धारित किया गया है। परीक्षा शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा।

आयु सीमा

STET 2026 के लिए अलग-अलग वर्गों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा निर्धारित की गई है। अनारक्षित पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 37 वर्ष, जबकि अनारक्षित महिला अभ्यर्थियों के लिए 40 वर्ष है। BC/EBC वर्ग के पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष तथा SC/ST वर्ग के पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए 42 वर्ष निर्धारित है।

स्नातक और B.Ed जरूरी

आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक उत्तीर्ण होना जरूरी है। इसके साथ ही संबंधित विषय में B.Ed की डिग्री भी अनिवार्य होगी।

150 प्रश्न, ढाई घंटे की परीक्षा

बिहार STET 2026 परीक्षा में कुल 150 प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें 100 प्रश्न संबंधित विषय से होंगे, जबकि 50 प्रश्न शिक्षक कला एवं अन्य दक्षताओं से संबंधित होंगे। परीक्षा की कुल अवधि ढाई घंटे होगी।

STET की परीक्षा दो पेपर में होगी। पेपर-1 माध्यमिक कक्षाओं के लिए और पेपर-2 उच्च माध्यमिक कक्षाओं के लिए आयोजित किया जाएगा।

पेपर-1 में 16 विषय

पेपर-1 में हिंदी, सामाजिक विज्ञान, संस्कृत, उर्दू, बंगला, मैथिली, अरबी, फारसी, भोजपुरी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, शारीरिक शिक्षा, संगीत, ललित कला और नृत्य विषय शामिल हैं।

पेपर-2 में 29 विषय

पेपर-2 में हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी, संस्कृत, मगही, अरबी, फारसी, बंगला, मैथिली, भोजपुरी, पाली, प्राकृत, गणित, फिजिक्स, केमेस्ट्री, बायोलॉजी, इतिहास, भूगोल, राजनीति शास्त्र, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, दर्शनशास्त्र, मनोविज्ञान, गृहविज्ञान, वनस्पति विज्ञान, वाणिज्य, कंप्यूटर साइंस, कृषि और संगीत विषय शामिल हैं।

महत्वपूर्ण तिथियां:

आवेदन शुरू: 17 अगस्त 2026
आवेदन की अंतिम तिथि: 31 अगस्त 2026
परीक्षा तिथि: बाद में घोषित होगी