Movie prime

बिहार के नये डिग्री कॉलेजों में 16 विषयों की पढ़ाई, 9,284 पदों पर होगी नियुक्ति
 

 
 बिहार के नये डिग्री कॉलेजों में 16 विषयों की पढ़ाई, 9,284 पदों पर होगी नियुक्ति
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

पटना। बिहार सरकार ने प्रखंड स्तर पर खोले जा रहे नये डिग्री महाविद्यालयों को लेकर अहम फैसला लिया है। दूसरे शैक्षणिक सत्र से इन महाविद्यालयों में कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय के स्नातक पाठ्यक्रम में कुल 16 विषयों की पढ़ाई शुरू की जाएगी।

पहले शैक्षणिक सत्र 2026-30 से नये डिग्री कॉलेजों में छह विषयों से पढ़ाई की शुरुआत होगी। ये सभी विषय ऐसे होंगे जिनमें प्रायोगिक कक्षाओं की आवश्यकता नहीं होती। संसाधनों की कमी को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है, क्योंकि फिलहाल ये महाविद्यालय एक जुलाई से संसाधनयुक्त उच्च माध्यमिक विद्यालयों में संचालित किए जाएंगे।

जब तक इन नये महाविद्यालयों के अपने भवन और परिसर तैयार नहीं हो जाते, तब तक कक्षाएं उच्च माध्यमिक विद्यालयों तथा अन्य सरकारी भवनों में चलेंगी। यह निर्णय उच्च शिक्षा विभाग के स्तर पर लिया गया है।

विश्वविद्यालय करेंगे शिक्षकों की व्यवस्था

उच्च शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, पहले सत्र में ऐसे सामान्य विषयों को शामिल किया गया है जिनकी स्नातक स्तर पर छात्रों में अधिक मांग रहती है। इसके साथ ही हिंदी एवं अंग्रेजी साहित्य की पढ़ाई भी पहले सत्र से शुरू होगी।

नियमित नियुक्ति होने तक इन विषयों के शिक्षकों की व्यवस्था संबंधित विश्वविद्यालयों के माध्यम से की जाएगी। वहीं इतिहास, राजनीति विज्ञान, भूगोल, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान, दर्शनशास्त्र, शिक्षा शास्त्र, ललित कला और गृह विज्ञान जैसे विषयों को लेकर विश्वविद्यालयों से सुझाव मांगे गए हैं।

9,284 पदों पर होगी स्थायी नियुक्ति

दूसरे सत्र से 16 विषयों में पढ़ाई शुरू होने के साथ ही 9,284 शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों की स्थायी नियुक्ति की जाएगी। इन 16 विषयों में से 15 विषयों में दो-दो शिक्षक होंगे, जबकि एक विषय व्यावसायिक होगा, जिसमें एक शिक्षक की नियुक्ति होगी।

हर नये डिग्री महाविद्यालय में कुल 44 पद स्वीकृत होंगे। इनमें प्रधानाचार्य सहित 32 सहायक प्राध्यापक और 12 शिक्षकेतर कर्मचारी शामिल होंगे। सहायक प्राध्यापकों की नियमित नियुक्ति बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग के माध्यम से की जाएगी।