CTET 2026 की परीक्षा तिथि घोषित, 12 और 13 दिसंबर को होगा एग्जाम; दो शिफ्ट में परीक्षा
नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) के 22वें संस्करण में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने सीटीईटी 2026 की परीक्षा तिथि घोषित कर दी है। जारी नोटिस के अनुसार, परीक्षा का आयोजन 12 और 13 दिसंबर 2026 को देशभर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा।
दो शिफ्ट में होगी परीक्षा, जानें टाइमिंग
सीटीईटी परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी, जबकि दूसरी शिफ्ट का आयोजन दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा।
पहली शिफ्ट में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को केंद्र पर सुबह 7:30 बजे रिपोर्ट करना होगा। वहीं, दूसरी शिफ्ट के उम्मीदवारों को दोपहर 12:30 बजे परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा।
परीक्षा से 15 दिन पहले जारी होगी सिटी इंटीमेशन स्लिप
सीबीएसई की ओर से परीक्षा तिथि से लगभग 15 दिन पहले एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी की जाएगी। इसके माध्यम से अभ्यर्थियों को अपने परीक्षा शहर की जानकारी मिल सकेगी, जिससे वे यात्रा की तैयारी समय रहते कर सकेंगे।
परीक्षा से 7 से 10 दिन पहले आएगा एडमिट कार्ड
सीटीईटी 2026 का एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से 7 से 10 दिन पहले ऑनलाइन जारी किया जाएगा। अभ्यर्थियों को अपना प्रवेश पत्र आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड करना होगा। किसी भी उम्मीदवार को एडमिट कार्ड व्यक्तिगत रूप से नहीं भेजा जाएगा।
CTET पेपर 1 का एग्जाम पैटर्न
पेपर 1 उन अभ्यर्थियों के लिए होता है, जो कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए पात्रता हासिल करना चाहते हैं। इसमें कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाते हैं और परीक्षा 150 अंकों की होती है।
CTET पेपर 2 का एग्जाम पैटर्न
पेपर 2 कक्षा 6 से 8 तक पढ़ाने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए होता है। इसमें भी कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाते हैं और परीक्षा 150 अंकों की होती है।
गणित एवं विज्ञान का विकल्प गणित और विज्ञान शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए है, जबकि सामाजिक अध्ययन / सामाजिक विज्ञान का विकल्प संबंधित विषय के शिक्षकों के लिए होता है।
अभ्यर्थी सीटीईटी का हिंदी सिलेबस आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। सिलेबस के अनुसार तैयारी करने से परीक्षा की रणनीति बनाने और कम समय में बेहतर तैयारी करने में मदद मिलेगी।
