वन विभाग में 708 पदों पर भर्ती का ऐलान, 30 जून से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन
लखनऊ I प्रदेश में वन विभाग के अंतर्गत वन रक्षक और वन्यजीव रक्षक के कुल 708 पदों पर भर्ती की जाएगी। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने बृहस्पतिवार को इस भर्ती का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। इच्छुक अभ्यर्थी 30 जून से 20 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, जबकि आवेदन में संशोधन और शुल्क समायोजन की सुविधा 27 जुलाई तक उपलब्ध रहेगी।
आयोग के अनुसार, इस भर्ती प्रक्रिया में केवल वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे जिन्होंने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2025 उत्तीर्ण की है। इन्हीं के आधार पर अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। अभ्यर्थी अपने PET रजिस्ट्रेशन नंबर के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं।
सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 25 रुपये निर्धारित किया गया है। मुख्य परीक्षा के लिए चयनित अभ्यर्थियों से अलग से शुल्क लिया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन पूरा करने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा, क्योंकि इसे आवश्यकता पड़ने पर प्रस्तुत करना होगा।
आयोग के सचिव अवनीश सक्सेना ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें। महिला अभ्यर्थियों के लिए केवल पिता पक्ष से जारी जाति प्रमाण पत्र ही मान्य होगा।
भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। आयु सीमा 1 जुलाई को न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष निर्धारित की गई है।
शारीरिक दक्षता परीक्षा अनिवार्य
भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को शारीरिक मानकों को भी पूरा करना होगा। साथ ही शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) में पुरुष अभ्यर्थियों को 10 किग्रा भार के साथ 4 घंटे में 25 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी, जबकि महिला अभ्यर्थियों को 4 घंटे में 14 किलोमीटर की दौड़ लगानी होगी।
इसके अलावा 100 अंकों की लिखित परीक्षा होगी जिसमें 100 प्रश्न पूछे जाएंगे और इसमें नेगेटिव मार्किंग भी लागू होगी। आयोग ने बताया कि परीक्षा का विस्तृत पाठ्यक्रम आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़कर ही आवेदन करें।
