Movie prime

प्रोफेसर बनने का सुनहरा मौका! यूपी में 1,936 सहायक आचार्य पदों पर निकली वेकेंसी, जानें पूरी डिटेल्स

 
प्रोफेसर
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अशासकीय अनुदानित महाविद्यालयों में शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सहायक आचार्य (Assistant Professor) के 1,936 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों पर भर्ती अशासकीय अनुदानित सह-शिक्षा महाविद्यालयों और महिला महाविद्यालयों में की जाएगी। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 सितंबर 2026 से शुरू हो गई है।

आयोग ने इस भर्ती के लिए विज्ञापन संख्या 04/2026 जारी किया है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पूरा करना होगा। आयोग के मुताबिक, केवल वही अभ्यर्थी आवेदन करें जो संबंधित पद के लिए निर्धारित शैक्षिक योग्यता और अन्य पात्रता शर्तों को पूरा करते हों।

7 अक्टूबर तक जमा करना होगा आवेदन शुल्क

आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 सितंबर से शुरू हो चुकी है। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 7 अक्टूबर 2026 है। वहीं, ऑनलाइन आवेदन में किसी तरह का संशोधन करने के लिए अभ्यर्थियों को 11 अक्टूबर 2026 तक का समय दिया गया है।

19 और 20 नवंबर को होगी लिखित परीक्षा

सहायक आचार्य पदों पर चयन के लिए लिखित परीक्षा 19 और 20 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र, विस्तृत कार्यक्रम और परीक्षा से जुड़े अन्य दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट पर समय-समय पर जारी किए जाएंगे।

आवेदन से पहले विज्ञापन पढ़ना जरूरी

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आवेदन करने से पहले भर्ती विज्ञापन को ध्यान से पढ़ लें। खास तौर पर शैक्षिक योग्यता, विषयवार पदों, आयु सीमा, आरक्षण और आवेदन से जुड़ी शर्तों को अच्छी तरह जांचने के बाद ही फॉर्म भरें। आयोग ने स्पष्ट किया है कि पात्रता से जुड़ी व्यक्तिगत सलाह उपलब्ध नहीं कराई जाएगी।

भर्ती का विस्तृत विज्ञापन और निर्देश पुस्तिका आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार न करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।