Tea Lovers के लिए खुशखबरी! चाय चखने का मिलेगा प्रोफेशनल सर्टिफिकेट, जानें कैसे करें आवेदन
New Delhi : अगर आपको चाय पसंद है और आप इस शौक को करियर में बदलना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। भारतीय चाय बोर्ड (Tea Board India) ने देश के पहले NCVET-अनुमोदित (NCVET Approved) सर्टिफाइड टी-टेस्टिंग कोर्स शुरू किए हैं। इनका उद्देश्य प्रोफेशनल टी-टेस्टर और टी-समेलियर तैयार करना है, जो चाय की गुणवत्ता, स्वाद, खुशबू और ब्लेंडिंग की विशेषज्ञता हासिल कर सकें।
पश्चिम बंगाल से हुई शुरुआत
इन कोर्सों की शुरुआत पश्चिम बंगाल के कर्सियांग स्थित दार्जिलिंग टी रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर से की गई है। पहले बैच में प्रतिभागियों को प्रोफेशनल टी-टेस्टिंग, ब्लेंडिंग तकनीक और चाय उद्योग के आधुनिक रुझानों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
दो तरह के सर्टिफिकेट कोर्स
टी बोर्ड ने दो सर्टिफिकेशन प्रोग्राम शुरू किए हैं—
- 60 घंटे का सर्टिफिकेट कोर्स
- 210 घंटे का एडवांस सर्टिफिकेट कोर्स
फिलहाल पहले बैच में 60 घंटे वाले कार्यक्रम की शुरुआत की गई है।
क्या सिखाया जाएगा?
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को:
- चाय की वैज्ञानिक गुणवत्ता जांच
- फ्लेवर, अरोमा और माउथ फील की पहचान
- टी ब्लेंडिंग तकनीक
- फूड पेयरिंग और टी सर्विस
- लग्जरी टी प्रेजेंटेशन
- सर्विंग एटीकेट
- बदलती उपभोक्ता पसंद
- टिकाऊ (Sustainable) चाय उत्पादन
जैसे विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
NEP 2020 के अनुरूप तैयार हुआ कोर्स
इन कोर्सों को नेशनल काउंसिल फॉर वोकेशनल एजुकेशन एंड ट्रेनिंग (NCVET) की मंजूरी मिली है। पाठ्यक्रम को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 और नेशनल स्किल क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क (NSQF) के अनुरूप तैयार किया गया है।
कौन कर सकता है आवेदन?
आवेदन के लिए अभ्यर्थी का:
- 12वीं पास होना अनिवार्य है।
- साथ ही टी टेस्टिंग में 1.5 वर्ष का अनुभव और NSQF Level 3.5 सर्टिफिकेशन, या
- 3 वर्ष का अनुभव और NSQF Level 3 सर्टिफिकेशन होना चाहिए।
यह कोर्स नए अभ्यर्थियों के साथ-साथ चाय उद्योग में कार्यरत पेशेवरों के लिए भी उपयोगी है, जो अपनी विशेषज्ञता को और बेहतर बनाना चाहते हैं।
