जामिया मिल्लिया इस्लामिया में 2026-27 सत्र के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू,30 नए कोर्स -11 शहरों में प्रवेश परीक्षा
New Delhi : जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया की घोषणा कर दी है। विश्वविद्यालय की ओर से दाखिले से जुड़ा प्रोस्पेक्टस भी जारी कर दिया गया है। विभिन्न कोर्सों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। देश-विदेश के छात्रों के लिए यह खबर बेहद अहम मानी जा रही है।
इस बार जामिया ने छात्रों के लिए कई नए अवसर लेकर आया है। नए सत्र से स्नातक, स्नातकोत्तर, एडवांस डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा, सर्टिफिकेट और डिप्लोमा स्तर के कुल 30 नए कोर्स शुरू किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इन नए कोर्सों का उद्देश्य छात्रों को बदलते समय के अनुसार बेहतर शिक्षा और रोजगार से जोड़ना है।
कुलपति ने किया प्रोस्पेक्टस का विमोचन
शुक्रवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मजहर आसिफ ने आधिकारिक रूप से दाखिले के लिए प्रोस्पेक्टस जारी किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जामिया राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार शिक्षा प्रणाली को आगे बढ़ा रहा है। इसके तहत चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम में मल्टीपल एंट्री मोड की सुविधा दी जा रही है, जिससे छात्रों को पढ़ाई में अधिक लचीलापन मिलेगा।
प्रवेश परीक्षा 11 शहरों में
इस साल जामिया की प्रवेश परीक्षा देश के 11 शहरों में आयोजित की जाएगी। खास बात यह है कि इस बार तीन नए परीक्षा केंद्र जोड़े गए हैं—जयपुर, देहरादून और किशनगढ़। पहले यह परीक्षा दिल्ली, लखनऊ, गुवाहाटी, पटना, कोलकाता, श्रीनगर, कालीकट और भोपाल में होती थी। नए केंद्र जुड़ने से छात्रों को अपने नजदीकी शहर में परीक्षा देने की सुविधा मिलेगी।
विदेशी छात्रों को राहत, फीस में कटौती
विदेशी छात्रों को आकर्षित करने के लिए विश्वविद्यालय ने एक अहम फैसला लिया है। सामान्य और सुपरन्यूमरेरी सीट श्रेणी के तहत विदेशी छात्रों की फीस में कमी की गई है। इसके अलावा सार्क देशों, वेस्ट एशियन देशों, अफ्रीकी और लैटिन अमेरिकी देशों के छात्रों के लिए अलग-अलग क्षेत्र के अनुसार फीस ढांचा तय किया गया है। इससे विदेश से आने वाले छात्रों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
आवेदन प्रक्रिया को किया गया आसान
जामिया प्रशासन ने आवेदन प्रक्रिया को छात्रों के लिए सरल बनाने की कोशिश की है। इसके तहत अलग-अलग कोर्सों के दाखिले को चार श्रेणियों में बांटा गया है। इससे छात्रों को यह समझने में आसानी होगी कि उन्हें किस कोर्स के लिए किस तरह आवेदन करना है और कौन-सी तारीख उनके लिए अहम है।
जानिए कौन-कौन से हैं नए कोर्स
इस साल शुरू किए जा रहे 30 नए प्रोग्राम में कई खास कोर्स शामिल हैं। इनमें बीए ऑनर्स जापानी स्टडीज, बीए ऑनर्स जर्मन स्टडीज, बीए ऑनर्स ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट, एलएलएम कॉरपोरेट लॉ, बीई सिविल इंजीनियरिंग ईवनिंग, एमए सोशल वर्क और एमएससी बॉटनी जैसे कोर्स प्रमुख हैं। विश्वविद्यालय ने साफ किया है कि इन नए कोर्सों की फीस में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।
प्रवेश परीक्षा और मेरिट आधारित दाखिले
- प्रवेश परीक्षा आधारित कोर्सों के लिए ऑनलाइन आवेदन: 25 मार्च तक
- जेईई मेन्स, नाटा, बीपीटी, नीट, एनसीईटी और सीयूईटी की मेरिट आधारित प्रोग्राम: संबंधित परीक्षा एजेंसी के रिजल्ट घोषित होने के 10 दिन बाद तक
- मल्टीपल एंट्री मोड के तहत सीटें खाली होने पर: 20 फरवरी से 10 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन
कहां करें आवेदन?
- रेगुलर कोर्सों के लिए: जामिया की आधिकारिक वेबसाइट पर
- सीयूईटी आधारित प्रोग्राम, बीटेक और बी-आर्क कोर्स तथा मल्टीपल एंट्री प्रोग्राम के लिए अलग-अलग लिंक उपलब्ध
