JEE Advanced 2026 का शेड्यूल जारी, जानें कब से होगा रजिस्ट्रेशन?
आईआईटी में पढ़ाई का सपना देख रहे लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर है। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) रुड़की ने जॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन एडवांस्ड 2026 (JEE Advanced 2026) का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। इसी परीक्षा के जरिए देश के सभी आईआईटी में बीटेक समेत अन्य अंडरग्रेजुएट इंजीनियरिंग कोर्स में दाखिला मिलता है।
IIT रुड़की की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, JEE Advanced 2026 का आयोजन 17 मई 2026 (रविवार) को किया जाएगा। यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी और एक ही दिन में दो पेपर आयोजित किए जाएंगे। परीक्षा से जुड़ी सभी आधिकारिक जानकारियां वेबसाइट jeeadv.ac.in पर उपलब्ध हैं।
अप्रैल से शुरू होंगे आवेदन
JEE Advanced 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अप्रैल 2026 से शुरू होगा। जो उम्मीदवार JEE Main 2026 में क्वालिफाई करेंगे, वे 23 अप्रैल 2026 सुबह 10 बजे से 2 मई 2026 रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।
वहीं विदेशी नागरिकों, OCI और PIO उम्मीदवारों के लिए आवेदन प्रक्रिया 6 अप्रैल 2026 से 2 मई 2026 तक चलेगी।
आवेदन के साथ परीक्षा शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। फीस जमा करने की अंतिम तिथि 4 मई 2026 रात 11:59 बजे तय की गई है।
11 मई से डाउनलोड होंगे एडमिट कार्ड
JEE Advanced 2026 का एडमिट कार्ड 11 मई 2026 सुबह 10 बजे से उपलब्ध होगा। उम्मीदवार 17 मई 2026 दोपहर 2:30 बजे तक इसे डाउनलोड कर सकेंगे। बिना एडमिट कार्ड के परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
ऐसे होगी परीक्षा
JEE Advanced 2026 एक ही दिन में दो पेपर में आयोजित होगी—
-
पेपर-1: सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक
-
पेपर-2: दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक
दोनों पेपर देना अनिवार्य होगा। किसी एक पेपर में अनुपस्थित रहने पर उम्मीदवार को रैंकिंग में शामिल नहीं किया जाएगा। प्रश्नपत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होगा।
कौन कर सकता है आवेदन
JEE Advanced 2026 में वही उम्मीदवार आवेदन के पात्र होंगे, जो JEE Main 2026 में टॉप 2.5 लाख रैंक के भीतर होंगे।
JEE Main 2026 का आयोजन NTA द्वारा दो सत्रों में किया जाएगा—
-
पहला सत्र: 21 से 30 जनवरी 2026
-
दूसरा सत्र: 1 से 10 अप्रैल 2026
दोनों सत्रों के प्रदर्शन के आधार पर JEE Advanced 2026 के लिए योग्य उम्मीदवारों की सूची तैयार की जाएगी।
