JNU में PG और ADOP कोर्स में एडमिशन शुरू, जानें पूरी डिटेल
New Delhi : देश की प्रतिष्ठित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पोस्ट ग्रेजुएट (PG) और एडवांस डिप्लोमा इन प्रोफिशिएंसी (ADOP) कोर्स में दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी है। CUET PG 2026 का रिजल्ट जारी होने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने ऑनलाइन आवेदन पोर्टल भी एक्टिव कर दिया है।
यूनिवर्सिटी की ओर से आवेदन प्रक्रिया 25 मई 2026 से शुरू कर दी गई है। इच्छुक छात्र 15 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। JNU में दाखिले के लिए वही छात्र पात्र होंगे जिन्होंने राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित CUET PG 2026 परीक्षा दी हो।
यूनिवर्सिटी प्रशासन के मुताबिक, छात्र केवल उसी विषय से जुड़े कोर्स में आवेदन कर सकेंगे, जिस विषय की परीक्षा उन्होंने CUET PG में दी है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी, जिसमें छात्रों को CUET PG रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि के जरिए लॉगिन करना होगा।
JNU ने एडमिशन से जुड़ी संभावित तारीखें भी जारी की हैं। पहली मेरिट सूची 23 जून 2026 को जारी की जा सकती है, जबकि दूसरी मेरिट सूची 1 जुलाई 2026 तक आने की संभावना है। दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 6 जुलाई से 14 जुलाई 2026 के बीच पूरी की जाएगी। वहीं, यूनिवर्सिटी में दाखिले की अंतिम तारीख 7 अगस्त 2026 तय की गई है।
छात्रों को आवेदन के लिए यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। आवेदन फॉर्म भरने के बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड कर फीस जमा करनी होगी।
अधिक जानकारी के लिए छात्र JNU की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं।
