Movie prime

NEET पेपर लीक पर केजरीवाल का बड़ा बयान, बोले- जेन-Z सड़क पर उतरे, सरकार को जवाब देना होगा
 

 
 NEET पेपर लीक पर केजरीवाल का बड़ा बयान, बोले- जेन-Z सड़क पर उतरे, सरकार को जवाब देना होगा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) ने नीट परीक्षा में पेपर लीक होने के बाद परीक्षा रद्द किए जाने के मुद्दे पर केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों पर हमला बोला है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर युवाओं से सीधे संवाद किया और पेपर लीक के लिए भाजपा तथा मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया।

केजरीवाल ने कहा, "मैं देश के जेन-जी से सीधे बात करने आया हूं। मेरी बात ध्यान से सुनना। 2017, 2021 और 2024 में पेपर लीक हुए थे। उस समय सीबीआई को जांच सौंपी गई थी। क्या सीबीआई ने कुछ किया? इस बार भी सीबीआई को जांच सौंपी गई है। क्या सीबीआई कुछ करेगी? सीबीआई उन्हीं लोगों को रिपोर्ट करती है जो देश में पेपर लीक करा रहे हैं।"

डबल इंजन वाली सरकारों में सबसे ज्यादा लीक

अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सबसे ज्यादा पेपर लीक उन्हीं राज्यों में हुए हैं जहां भाजपा की डबल इंजन सरकार है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के आने के बाद अब तक कुल 93 पेपर लीक हो चुके हैं, जिसमें करीब 6 करोड़ युवाओं का भविष्य दांव पर लगा था।

केजरीवाल ने सवाल उठाया, "क्या इनके नेता पेपर लीक करा रहे हैं? अगर नेपाल और बांग्लादेश के जेन-जी सरकार बदल सकते हैं तो क्या हमारे देश के जेन-जी पेपर लीक करने वाले मंत्रियों को जेल नहीं भेज सकता?"

युवाओं को सड़क पर उतरने का आह्वान

केजरीवाल ने युवाओं से आंदोलन करने की अपील की। उन्होंने कहा, "वर्षों से नीट के पेपर लीक हो रहे हैं और हम सिर्फ सिस्टम को कोसकर आगे बढ़ जाते हैं। लेकिन सिस्टम अपने आप नहीं चलता, उसके पीछे लोग बैठे हैं। उन्हें पहचानना होगा, पकड़ना होगा और जेल भेजना होगा। इसके लिए युवाओं को सड़कों पर उतरना होगा।"

AAP नेता ने जोर देकर कहा कि पेपर लीक रोकने के लिए जेन-जी को बड़ा आंदोलन करना होगा।

यह बयान ऐसे समय में आया है जब नीट यूजी परीक्षा 2025 में पेपर लीक के आरोपों के बाद विवादों में घिरी हुई है और केंद्र सरकार ने परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया है।