BHU में PG दाखिले का आखिरी मौका! आज स्पॉट रजिस्ट्रेशन की लास्ट डेट, 30 जुलाई से शुरू होंगी क्लासेस
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। विश्वविद्यालय ने स्पॉट रजिस्ट्रेशन में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की भागीदारी को देखते हुए इस बार एक नहीं, बल्कि दो स्पॉट राउंड आयोजित करने का फैसला किया है। 15 जुलाई स्पॉट रजिस्ट्रेशन का अंतिम दिन है। इसके बाद 16 जुलाई से सीट आवंटन और सीट लॉक करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
150 से अधिक पाठ्यक्रमों में 8400 सीटें
बीएचयू के 150 से अधिक पीजी पाठ्यक्रमों में इस वर्ष कुल 8,400 सीटों पर प्रवेश होना है। अब तक चार नियमित काउंसलिंग राउंड के जरिए करीब 6,000 सीटों पर दाखिले पूरे हो चुके हैं। विश्वविद्यालय में अभी लगभग 2,400 सीटें खाली हैं। इनमें विभिन्न आरक्षण श्रेणियां, विदेशी छात्रों, बीएचयू कर्मचारी परिवार और अन्य सुपरन्यूमरेरी कोटे की सीटें भी शामिल हैं।
16 जुलाई से पहला, 20 जुलाई तक दूसरा स्पॉट राउंड
बीएचयू समर्थ पोर्टल पर हुए स्पॉट रजिस्ट्रेशन की संख्या को देखते हुए केंद्रीय प्रवेश समिति ने दो स्पॉट सीट आवंटन राउंड कराने का निर्णय लिया है। पहला स्पॉट राउंड 16 जुलाई से शुरू होगा, जबकि दूसरा स्पॉट राउंड 20 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। इससे अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को प्रवेश का अवसर मिल सकेगा।
22 जुलाई से कॉल लेटर, 30 जुलाई से कक्षाएं
विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 22 जुलाई से चयनित छात्रों के स्टूडेंट पोर्टल पर कॉल लेटर जारी किए जाएंगे। 27 जुलाई को पहले सीट आवंटन और जीडीपीआई (GDPI) राउंड के अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग संबंधित विभागों और कॉलेजों में होगी। वहीं 28 जुलाई को दूसरे, तीसरे, चौथे और सभी स्पॉट राउंड के चयनित अभ्यर्थी रिपोर्ट करेंगे। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद 30 जुलाई से पीजी की नियमित कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी।
यूजी प्रवेश में पोर्टल की धीमी रफ्तार बनी चुनौती
इधर, बीएचयू में स्नातक (UG) प्रवेश के लिए जारी पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान समर्थ पोर्टल की धीमी गति अभ्यर्थियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सर्वर पर बढ़ते दबाव और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) से डेटा प्राप्त करने की धीमी प्रक्रिया के चलते कई छात्रों को पंजीकरण में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि यूजी प्रवेश के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 25 जुलाई है, इसलिए अभ्यर्थियों के पास अभी आवेदन करने का पर्याप्त समय उपलब्ध है।
