Movie prime

NEET UG 2026: फीस रिफंड के लिए बैंक डिटेल जमा करने की तारीख बढ़ी, अब 22 जून तक मिलेगा मौका
 

 
 NEET UG 2026: फीस रिफंड के लिए बैंक डिटेल जमा करने की तारीख बढ़ी, अब 22 जून तक मिलेगा मौका
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली। NEET UG 2026 परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवारों के लिए बड़ी राहत की खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा शुल्क वापसी (Fee Refund) के लिए बैंक खाते की जानकारी जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 22 जून 2026 कर दी है। यह निर्णय उन लाखों अभ्यर्थियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जो अब तक अपनी बैंक डिटेल्स पोर्टल पर अपडेट नहीं कर पाए थे।

गौरतलब है कि NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी। इसके बाद एजेंसी ने 21 जून 2026 को दोबारा परीक्षा आयोजित करने का फैसला लिया। NTA पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि री-एग्जाम के लिए अभ्यर्थियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा और पहले जमा की गई परीक्षा फीस वापस की जाएगी।

पहले 26 मई थी अंतिम तिथि

एनटीए ने 22 मई से 26 मई 2026 तक उम्मीदवारों को NEET UG 2026 पोर्टल पर बैंक खाते की जानकारी दर्ज करने का अवसर दिया था। हालांकि बड़ी संख्या में अभ्यर्थी यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके थे। एजेंसी के अनुसार अब तक लगभग 13 लाख उम्मीदवार अपने बैंक खाते की जानकारी अपडेट कर चुके हैं।

NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी सूचना में बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने अब तक बैंक डिटेल्स जमा नहीं की हैं, उन्हें अतिरिक्त समय दिया जा रहा है। अब उम्मीदवार 22 जून 2026 की रात 11:50 बजे तक अपनी बैंकिंग जानकारी पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं।

बैंक डिटेल भरते समय रखें सावधानी

एजेंसी ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे NEET UG 2026 रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर लॉगिन कर रिफंड लिंक के माध्यम से अपने बैंक खाते की सही जानकारी दर्ज करें। जानकारी की पुष्टि के लिए अभ्यर्थी कैंसिल चेक भी अपलोड कर सकते हैं।

NTA ने स्पष्ट किया है कि एक बार बैंक खाते की जानकारी जमा होने के बाद उसमें किसी प्रकार का संशोधन नहीं किया जा सकेगा। इसलिए उम्मीदवारों को सभी विवरण सावधानीपूर्वक भरने की सलाह दी गई है।

21 जून को होगी पुनर्परीक्षा

इस वर्ष NEET UG 2026 के लिए करीब 23 लाख उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था। फिलहाल पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई कर रही है। वहीं, NTA ने 21 जून 2026 को पुनर्परीक्षा आयोजित करने की तैयारी पूरी कर ली है।