Movie prime

NEET-UG 2026: जून में फिर से होगी परीक्षा, 20 मई तक जारी होगा शेड्यूल, NTA की सख्त तैयारी
 

 
 NEET-UG 2026: जून में फिर से होगी परीक्षा, 20 मई तक जारी होगा शेड्यूल, NTA की सख्त तैयारी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (National Testing Agency) ने स्पष्ट किया है कि नीट-यूजी परीक्षा जून में दोबारा आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय देने के उद्देश्य से 20 मई तक परीक्षा का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया जाएगा। परीक्षा इस बार भी पेन-पेपर मोड में ही कराई जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, पहले 31 मई को सीयूईटी-यूजी (CUET-UG) आयोजित की जाएगी, जिसके बाद नीट-यूजी परीक्षा जून के पहले या दूसरे सप्ताह में कराई जा सकती है।

नई टीम बनाएगी प्रश्नपत्र, एआई की मदद से चयन संभव

इस बार प्रश्नपत्र तैयार करने के लिए पुरानी टीम को शामिल नहीं किया जाएगा। पूरी तरह नई टीम बनाई जा रही है, जिसमें ऐसे विशेषज्ञ होंगे जो पहले कभी एनटीए से जुड़े नहीं रहे। इनके नाम सीमित अधिकारियों तक ही रहेंगे।

सूत्रों के मुताबिक, प्रश्नों के चयन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की मदद लेने पर भी विचार चल रहा है, ताकि पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

गृह मंत्रालय की निगरानी में होगी छपाई

नई परीक्षा के प्रश्नपत्रों की छपाई इस बार गृह मंत्रालय की निगरानी में कराई जाएगी। साथ ही ऑन-द-स्पॉट प्रिंटिंग सिस्टम पर भी विचार किया जा रहा है, हालांकि अंतिम निर्णय अभी बाकी है।

छात्रों की मेहनत से नहीं होगा समझौता

एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने कहा कि छात्रों की मेहनत से कोई समझौता नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने माना कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने ईमानदारी से तैयारी करने वाले छात्रों को नुकसान पहुंचाया है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने यह भी अपील की कि जिन छात्रों या अभिभावकों के पास पेपर लीक या संदिग्ध सामग्री से जुड़ी जानकारी हो, वे उसे ईमेल के जरिए साझा करें। उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

राज्यों की मांग: NEET-UG खत्म करने की अपील

इस बीच, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने केंद्र सरकार से नीट-यूजी परीक्षा को समाप्त करने की मांग दोहराई है। उनका कहना है कि मेडिकल दाखिले 12वीं कक्षा के अंकों के आधार पर राज्यों को अपने स्तर पर करने की अनुमति दी जानी चाहिए।