NEET-UG 2026 की नई तारीख घोषित, अब 21 जून को होगी परीक्षा
नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी यानी National Testing Agency (एनटीए) ने नीट-यूजी 2026 परीक्षा की नई तारीख का एलान कर दिया है। अब यह परीक्षा देशभर में 21 जून को आयोजित की जाएगी। इससे पहले परीक्षा 3 मई को हुई थी, लेकिन पेपर लीक की आशंका के बाद इसे लेकर विवाद खड़ा हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच Central Bureau of Investigation (सीबीआई) को सौंप दी गई है।
NTA के बड़े फैसले
शिक्षा मंत्रालय और NTA ने परीक्षा प्रक्रिया में कई अहम बदलाव किए हैं।
- आगामी परीक्षा की फीस छात्रों को वापस की जाएगी और अगली परीक्षा निशुल्क होगी।
- उम्मीदवारों को परीक्षा शहर चुनने का विकल्प फिर से दिया जाएगा।
- परीक्षा के समय में 15 मिनट की वृद्धि की गई है।
- परीक्षा अब दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी।
- एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी किए जाएंगे।
- अगले वर्ष से परीक्षा को कंप्यूटर आधारित (CBT) मोड में कराने की योजना है।
- पूरी जिम्मेदारी NTA की होगी।
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि दोबारा परीक्षा देने वाले छात्रों को फिर से आवेदन शुल्क जमा करने की जरूरत नहीं होगी। नीट-यूजी परीक्षा के जरिए देशभर के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में प्रवेश दिया जाता है।
इससे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan ने गुरुवार को नीट-यूजी परीक्षा को दोबारा आयोजित कराने को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में शिक्षा मंत्रालय और परीक्षा एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। चर्चा का मुख्य उद्देश्य परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से दोबारा आयोजित करना था, ताकि छात्रों के हितों की रक्षा की जा सके।
वहीं, M. K. Stalin ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए प्रधानमंत्री Narendra Modi को पत्र लिखा। उन्होंने मांग की कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नीट-यूजी से छूट दी जाए और राज्यों को 12वीं के अंकों के आधार पर मेडिकल एवं डेंटल कॉलेजों में दाखिले की अनुमति दी जाए।
