NEET UG 2026 Re-Exam : 1 मिनट की देरी से छूटी परीक्षा, बेंगलुरु में छात्राओं ने फांदा सेंटर का गेट
New Delhi/Bengaluru/Bhopal : देशभर में पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियों के आरोपों के बाद आयोजित NEET UG 2026 री-एग्जाम के दौरान भी कई अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश न मिलने की घटनाएं सामने आई हैं। बेंगलुरु और भोपाल में कुछ छात्राएं निर्धारित समय से कुछ मिनट की देरी से पहुंचीं, जिसके चलते उन्हें परीक्षा देने से वंचित होना पड़ा।
बेंगलुरु में छात्राओं ने फांदा परीक्षा केंद्र का गेट
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में तीन छात्राएं दोपहर 1:30 बजे गेट बंद होने के कुछ मिनट बाद अपने परीक्षा केंद्र पहुंचीं। गेट बंद मिलने पर उन्होंने परिसर में प्रवेश करने के लिए मुख्य गेट की रेलिंग फांदकर अंदर जाने की कोशिश की।
हालांकि, परिसर के अंदर पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि परीक्षा भवन की ओर जाने वाला दूसरा गेट भी बंद कर दिया गया है। प्रवेश नहीं मिलने पर छात्राओं को बाद में परिसर की दीवार फांदकर बाहर निकलते हुए देखा गया।
भोपाल में एक मिनट की देरी बनी वजह
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के सुभाष एक्सिलेंस स्कूल परीक्षा केंद्र पर एक छात्रा केवल एक मिनट की देरी से पहुंची, जिसके कारण उसे परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई।
छात्रा के पिता ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों से अनुरोध किया कि उनकी बेटी को प्रवेश दे दिया जाए। उन्होंने बताया कि गलती से वे पहले दूसरे परीक्षा केंद्र पहुंच गए थे, जिससे देरी हो गई। बावजूद इसके परीक्षा प्रबंधन ने निर्धारित नियमों का हवाला देते हुए प्रवेश से इनकार कर दिया।
परीक्षा समय को लेकर NTA के सख्त नियम
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा केंद्र का प्रवेश द्वार निर्धारित समय के बाद बंद कर दिया जाता है और उसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाती।
हालांकि, इन घटनाओं के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है कि क्या एक-दो मिनट की देरी के मामलों में मानवीय आधार पर कुछ लचीलापन बरता जाना चाहिए?
