Movie prime

अब तीसरी कक्षा से सीखेंगे AI, CBSE ने जारी किया नया करिकुलम फ्रेमवर्क

 
अब तीसरी कक्षा से सीखेंगे AI, CBSE ने जारी किया नया करिकुलम फ्रेमवर्क
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

New Delhi : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने स्कूली शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नई तकनीकों को शामिल करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। बोर्ड ने कक्षा 3 से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए Computational Thinking और Artificial Intelligence का नया करिकुलम फ्रेमवर्क जारी किया है। इसका उद्देश्य शुरुआती स्तर से ही छात्रों में तार्किक सोच, समस्या समाधान क्षमता और डिजिटल तकनीक की समझ विकसित करना है।

क्या है नया करिकुलम फ्रेमवर्क?

नए फ्रेमवर्क के तहत छात्रों को केवल तकनीक का उपयोग करना ही नहीं, बल्कि उसके पीछे की कार्यप्रणाली और सोच को भी समझाया जाएगा। इसमें तार्किक सोच (Logical Thinking), पैटर्न पहचान (Pattern Recognition), एल्गोरिथमिक सोच (Algorithmic Thinking), रचनात्मकता (Creativity) और समस्या समाधान (Problem Solving) जैसे कौशल विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को AI की मूल अवधारणाओं, उसके दैनिक जीवन में उपयोग और तकनीक के जिम्मेदार उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि वे भविष्य में केवल तकनीक के उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि उसके निर्माता भी बन सकें।

IIT गांधीनगर के साथ ऑनलाइन सीरीज

CBSE ने सेंटर फॉर क्रिएटिव लर्निंग, IIT गांधीनगर के सहयोग से '3030 एकलव्य Computational Thinking और Artificial Intelligence' ऑनलाइन सीरीज भी शुरू करने की घोषणा की है। इस कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों और विद्यार्थियों को गतिविधि-आधारित अध्ययन सामग्री, इंटरएक्टिव सत्र और STEM शिक्षा से जुड़े नवाचारों को सीखने का अवसर मिलेगा।

15 अगस्त से शुरू होंगे लाइव सेशन

इस कार्यक्रम के लिए इच्छुक छात्र और शिक्षक 15 अगस्त से शुरू होने वाले लाइव सेशन में भाग ले सकेंगे। कुल 8 ऑनलाइन सत्र आयोजित किए जाएंगे, जो हर रविवार शाम 4 बजे होंगे। पंजीकरण eklavya.iitgn.ac.in पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है।

CBSE से संबद्ध स्कूलों के शिक्षकों के लिए प्रत्येक एपिसोड को 3 CPD (Continuous Professional Development) Hours के रूप में मान्यता दी जाएगी। निर्धारित शर्तें पूरी करने पर प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा।

200 रुपये होगी फीस

इस ऑनलाइन सीरीज में भाग लेने के लिए छात्रों और शिक्षकों को 8 एपिसोड के लिए 200 रुपये का शुल्क देना होगा। इसके अलावा CBSE ने बताया कि NCERT और CBSE मिलकर ऐसा पाठ्यक्रम भी तैयार कर रहे हैं, जिससे छात्र अपनी मातृभाषा में भी पढ़ाई को बेहतर ढंग से समझ सकें।