Movie prime

99.8% अंक हासिल कर रांची की भव्या रंजन बनीं CBSE 12वीं टॉपर, सिविल सेवा का सपना
 

 
 99.8% अंक हासिल कर रांची की भव्या रंजन बनीं CBSE 12वीं टॉपर, सिविल सेवा का सपना
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

रांची। शहर के आक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल की छात्रा भव्या रंजन ने 12वीं कला संकाय में 99.8 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप कर लिया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से स्कूल और पूरे शहर में खुशी की लहर दौड़ गई है।

भव्या की सफलता पर उनके माता-पिता राजीव रंजन और बिक्की गांधी बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेटी ने आज उनके सपनों को साकार किया है और अब उनका अगला लक्ष्य सिविल सर्विसेज की तैयारी करना है।

भव्या ने बताया कि उनकी इस सफलता में स्कूल के शिक्षकों का बड़ा योगदान रहा। उन्होंने कहा कि 12वीं की तैयारी के दौरान उन्हें लगातार मार्गदर्शन मिला, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा और पढ़ाई आसान होती गई।

भव्या के अनुसार वह रोजाना 10 से 12 घंटे पढ़ाई करती थीं और यह रूटीन लंबे समय से जारी है। उन्होंने बताया कि स्कूल द्वारा शुरू किए गए ‘टारगेट 100 ग्रुप’ से उन्हें विशेष लाभ मिला, जिसमें हर दिन 100 प्रश्नों का अभ्यास कराया जाता है और कठिनाई होने पर शिक्षकों का तुरंत मार्गदर्शन मिलता है।

भव्या ने कहा कि वह पहली कक्षा से इसी स्कूल में पढ़ रही हैं और इसका भी उन्हें काफी लाभ मिला। अब वह आगे इतिहास विषय से यूजी और पीजी की पढ़ाई के साथ-साथ सिविल सर्विसेज की तैयारी करने की योजना बना रही हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि 29 और 30 मई को होने वाली सीयूईटी परीक्षा के माध्यम से वह दिल्ली विश्वविद्यालय या बीएचयू में आगे की पढ़ाई करेंगी।

वहीं भव्या के पिता राजीव रंजन ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई के लिए एक बड़ी कंपनी की नौकरी तक छोड़ दी, ताकि वह पूरी तरह से उसकी शिक्षा पर ध्यान दे सकें। उनकी मां बिक्की गांधी शिक्षिका हैं और लगातार पढ़ाई में मार्गदर्शन देती रही हैं।

स्कूल की एकेडमिक डायरेक्टर डॉ. सिमी मेहता ने कहा कि ‘टारगेट 100’ और ‘होल्डिंग हैंड्स’ जैसी पहल का सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में स्कूल के रिजल्ट में लगातार सुधार हुआ है और उनका उद्देश्य बच्चों को न सिर्फ राज्य में बल्कि पूरे देश में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करना है।