RRB Group D Exam City Slip 2026 जारी: घर बैठे जानें किस शहर में होगी परीक्षा, 3 अगस्त से शुरू होंगे एग्जाम
प्रयागराज। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने ग्रुप डी (लेवल-1) भर्ती परीक्षा 2026 की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी अपडेट जारी कर दी है। बोर्ड ने परीक्षा शहर (Exam City Slip) जारी कर दी है, जिससे उम्मीदवार अब यह देख सकते हैं कि उनकी परीक्षा किस शहर में आयोजित होगी। अभ्यर्थी आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर लॉगिन कर अपने परीक्षा शहर की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
घर बैठे ऐसे देखें परीक्षा शहर
परीक्षा शहर की जानकारी देखने के लिए उम्मीदवारों को आरआरबी के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपने रजिस्ट्रेशन नंबर (Enrollment/Registration Number) और जन्म तिथि के माध्यम से लॉगिन करना होगा। लॉगिन करने के बाद स्क्रीन पर परीक्षा शहर से संबंधित पूरी जानकारी दिखाई देगी।
3 से 21 अगस्त तक होगी परीक्षा
रेलवे भर्ती बोर्ड के अनुसार, RRB Group D भर्ती परीक्षा 2026 का आयोजन 3 अगस्त से 21 अगस्त 2026 के बीच देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपने परीक्षा शहर की जानकारी प्राप्त कर यात्रा और ठहरने की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर लें।
22,195 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत भारतीय रेलवे के विभिन्न जोनों में 22,195 ग्रुप डी (लेवल-1) पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 31 जनवरी 2026 से शुरू हुई थी और 9 मार्च 2026 तक आवेदन स्वीकार किए गए थे। इस भर्ती के लिए देशभर से लाखों उम्मीदवारों ने आवेदन किया है।
आरआरबी प्रयागराज में 1,183 पद
आरआरबी प्रयागराज के अंतर्गत कुल 1,183 पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 600 पद ट्रैक मेंटेनर ग्रेड-IV के हैं, जो रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग से संबंधित हैं।
किस पद पर कितनी वैकेंसी?
रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा जारी विवरण के अनुसार विभिन्न पदों पर रिक्तियां इस प्रकार हैं—
- ट्रैक मेंटेनर ग्रेड-IV – 11,032 पद
- प्वाइंट्समैन-बी – 5,053 पद
- असिस्टेंट (एस एंड टी) – 1,509 पद
- असिस्टेंट (सी एंड डब्ल्यू) – 1,000 पद
- असिस्टेंट टीआरडी – 800 पद
- असिस्टेंट ऑपरेशन्स (इलेक्ट्रिकल) – 604 पद
- असिस्टेंट (ब्रिज) – 600 पद
- असिस्टेंट (ट्रैक मशीन) – 597 पद
- असिस्टेंट टीएल एंड एसी – 500 पद
- असिस्टेंट पी-वे – 300 पद
- असिस्टेंट लोको शेड (इलेक्ट्रिकल) – 200 पद
एडमिट कार्ड कब आएगा?
परीक्षा शहर की जानकारी जारी होने के बाद अब अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड का इंतजार है। रेलवे भर्ती बोर्ड के नियमों के अनुसार, एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से कुछ दिन पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे केवल आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध सूचनाओं पर ही भरोसा करें और किसी भी अफवाह से बचें।
