RRB Group D Result 2026: इंतजार खत्म! रेलवे ने जारी किया रिजल्ट और स्कोरकार्ड, यहां देखें पूरा प्रोसेस
New Delhi : रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने ग्रुप डी भर्ती परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। जिन अभ्यर्थियों ने 27 नवंबर 2025 से 10 फरवरी 2026 के बीच आयोजित कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) में हिस्सा लिया था, वे अब अपने-अपने क्षेत्रीय RRB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट और स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
इस भर्ती अभियान के तहत भारतीय रेलवे में 32,438 लेवल-1 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। रिजल्ट के साथ उन उम्मीदवारों की सूची भी जारी कर दी गई है, जिन्हें अगले चरण फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।
अब PET के लिए होगी तैयारी
CBT परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) में शामिल होना होगा। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन (Document Verification), मेडिकल परीक्षण और अंत में फाइनल मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। इन सभी चरणों का आयोजन संबंधित रेलवे जोन के रेलवे रिक्रूटमेंट सेल (RRC) द्वारा किया जाएगा।
PET की तिथि, एडमिट कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां संबंधित RRC की आधिकारिक वेबसाइट पर अलग से जारी की जाएंगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
SMS और ईमेल के जरिए मिलेगी सूचना
रेलवे भर्ती बोर्ड ने बताया कि PET के लिए चयनित उम्मीदवारों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी पर भी सूचना भेजी जाएगी। ई-कॉल लेटर जारी होने के बाद उम्मीदवार उसे ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे।
इन अभ्यर्थियों को PET से छूट
रेलवे भर्ती बोर्ड के अनुसार दिव्यांग (PwBD), पूर्व सैनिक (Ex-Servicemen) और कोर्स कम्प्लीटेड एक्ट अप्रेंटिस (CCAA) श्रेणी के उम्मीदवारों को PET में शामिल होने से छूट दी गई है। इन श्रेणियों के पात्र अभ्यर्थियों की अलग सूची संबंधित रेलवे रिक्रूटमेंट सेल द्वारा जारी की जाएगी।
ऐसे डाउनलोड करें स्कोरकार्ड
उम्मीदवार सबसे पहले अपने क्षेत्रीय RRB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां "RRB Group D Result 2026" या "Scorecard" लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज कर लॉगिन करें। स्क्रीन पर स्कोरकार्ड दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर भविष्य के लिए सुरक्षित रख सकते हैं।
रेलवे भर्ती बोर्ड ने चयनित उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे PET की तैयारी के साथ-साथ आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें, ताकि आगे की चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
