MGKVP में 5 दिसंबर से शुरू होंगी सेमेस्टर परीक्षाएं, कुलपति ने छात्रों को दिए महत्वपूर्ण सुझाव
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एवं इसके सम्बद्ध महाविद्यालयों में सत्र 2025–26 की सेमेस्टर परीक्षाएं 5 दिसंबर से प्रारंभ होंगी। परीक्षाओं के मद्देनज़र कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी, कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय और परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
कुलपति प्रो. त्यागी ने कहा कि सेमेस्टर परीक्षा विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छात्र-छात्राएं आत्मविश्वास, दृढ़ निश्चय और मेहनत के साथ इस चुनौती का सफलतापूर्वक सामना करेंगे। उन्होंने कहा कि “परीक्षा के दिनों में समर्पण, परिश्रम और सकारात्मक सोच ही सफलता की प्रमुख कुंजी है। अधिकारीगण ने बढ़ती ठंड को देखते हुए विद्यार्थियों को स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने गर्म कपड़ों के प्रयोग, पौष्टिक आहार, गुनगुने पानी और पर्याप्त विश्राम को आवश्यक बताया।
अधिकारियों का कहना है कि मजबूत प्रतिरोधक क्षमता न केवल स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, बल्कि परीक्षा के दौरान मानसिक संतुलन और प्रदर्शन को भी बेहतर बनाती है। छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया और अन्य अनावश्यक गतिविधियों से दूर रहने की भी अपील की गई, ताकि उनकी ऊर्जा अध्ययन पर केंद्रित रह सके। परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुँचने की सलाह देते हुए कहा गया कि इससे परीक्षा दिवस की अनावश्यक तनावपूर्ण स्थितियों से बचा जा सकता है। दोपहिया वाहन से आने वाले विद्यार्थियों के लिए हेलमेट पहनने, संतुलित गति और सर्दी के मौसम में होने वाली फिसलन व धुंध से सावधान रहने की हिदायत दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों की शैक्षणिक ही नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा, अनुशासन और संपूर्ण विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है। अंत में विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास जताया कि विद्यार्थी अनुशासन, एकाग्रता और परिश्रम के बल पर अपनी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। अधिकारियों ने कहा कि “आपकी मेहनत शीत ऋतु की ठंड में भी आपके भविष्य को नए उजाले की ओर ले जाएगी।
