SSC ने हिंदी ट्रांसलेटर भर्ती 2026 नोटिफिकेशन किया जारी! 84 पदों पर निकली वैकेंसी
New Delhi : सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने कंबाइंड हिंदी ट्रांसलेटर परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में हिंदी ट्रांसलेटर से जुड़े पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इस बार कुल 84 संभावित पदों पर भर्ती की जाएगी।
आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां
आयोग के अनुसार आवेदन प्रक्रिया 3 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 14 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जबकि आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 15 मई तय की गई है। आवेदन फॉर्म में सुधार के लिए 19 और 20 मई को करेक्शन विंडो भी उपलब्ध रहेगी। परीक्षा का आयोजन अगस्त-सितंबर 2026 के दौरान किया जाएगा।
किन पदों पर होगी भर्ती?
इस भर्ती के तहत जूनियर हिंदी ट्रांसलेटर, जूनियर ट्रांसलेशन ऑफिसर, जूनियर ट्रांसलेटर और सीनियर हिंदी ट्रांसलेटर जैसे पदों पर नियुक्तियां होंगी। ये पद केंद्रीय सचिवालय, सशस्त्र बल मुख्यालय और अन्य मंत्रालयों व विभागों में भरे जाएंगे।
शैक्षणिक योग्यता
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से हिंदी और अंग्रेजी में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री होना जरूरी है। साथ ही एक भाषा डिग्री स्तर पर विषय के रूप में शामिल होनी चाहिए।
इसके अलावा हिंदी से अंग्रेजी और अंग्रेजी से हिंदी अनुवाद में डिप्लोमा/सर्टिफिकेट या संबंधित क्षेत्र में कम से कम 2 वर्ष का अनुभव भी अनिवार्य है।
आयु सीमा और आवेदन शुल्क
उम्मीदवारों की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार छूट मिलेगी।
आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है, जबकि महिलाओं, एससी, एसटी, दिव्यांग और पूर्व सैनिकों के लिए आवेदन निशुल्क है।
ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार SSC की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन करें। इसके बाद लॉगिन कर कंबाइंड हिंदी ट्रांसलेटर परीक्षा 2026 के लिंक पर क्लिक करें। आवेदन फॉर्म भरने के बाद फोटो और सिग्नेचर अपलोड करें और फीस जमा कर फॉर्म सबमिट कर दें।
यह भर्ती उन उम्मीदवारों के लिए सुनहरा मौका है, जो हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में दक्षता रखते हैं और केंद्र सरकार में करियर बनाना चाहते हैं।
