दिल्ली : 145 साल के इतिहास में बड़ा बदलाव, सेंट स्टीफंस कॉलेज को मिली पहली महिला प्रिंसिपल
New Delhi : दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के प्रतिष्ठित सेंट स्टीफंस कॉलेज ने अपने 145 साल के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। कॉलेज प्रशासन ने प्रोफेसर सुसान एलियास को नया प्रिंसिपल नियुक्त किया है। वह इस पद को संभालने वाली पहली महिला होंगी। वह 1 जून 2026 से औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण करेंगी।
कॉलेज द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रोफेसर सुसान एलियास को संस्थान की 14वीं प्रिंसिपल के रूप में नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति को कॉलेज की सुप्रीम काउंसिल ने मंजूरी दी है। घोषणा पत्र पर कॉलेज के चेयरमैन और दिल्ली के बिशप राइट रेवड डॉ. पॉल स्वरूप के हस्ताक्षर हैं।
लंबे समय से प्रिंसिपल का पद खाली होने के कारण कॉलेज में प्रशासनिक स्तर पर नेतृत्व का अभाव था। अब इस नियुक्ति के साथ संस्थान को स्थायी नेतृत्व मिल गया है।
तीन दशक से अधिक का अनुभव
प्रोफेसर सुसान एलियास के पास शिक्षा और शोध के क्षेत्र में 30 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने देश के कई प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में अहम पदों पर कार्य किया है। हाल ही में वह चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी (उत्तर प्रदेश) में प्रो वाइस चांसलर (रिसर्च) के पद पर कार्यरत थीं। इससे पहले उन्होंने हिंदुस्तान यूनिवर्सिटी में डायरेक्टर रिसर्च के रूप में सेवाएं दीं। इसके अलावा वे वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में प्रोफेसर, डीन और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग की प्रमुख भी रह चुकी हैं।
ऐतिहासिक संस्थान में नया अध्याय
St. Stephen's College, Delhi की स्थापना वर्ष 1881 में हुई थी और यह दिल्ली विश्वविद्यालय के सबसे पुराने एवं प्रतिष्ठित कॉलेजों में शामिल है। यहां से देश के कई प्रमुख नेता, प्रशासक और शिक्षाविद शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं।
प्रोफेसर सुसान एलियास की नियुक्ति को कॉलेज के इतिहास में एक महत्वपूर्ण बदलाव और नए युग की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
