Movie prime

UP Board Compartment Exam 2026: 28 जुलाई को होगी हाईस्कूल-इंटर की कंपार्टमेंट परीक्षा, एडमिट कार्ड जारी करने के निर्देश
 

 
 UP Board Compartment Exam 2026: 28 जुलाई को होगी हाईस्कूल-इंटर की कंपार्टमेंट परीक्षा, एडमिट कार्ड जारी करने के निर्देश
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल इंप्रूवमेंट/कंपार्टमेंट एवं इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड सचिव भगवती सिंह द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार दोनों परीक्षाएं 28 जुलाई 2026 को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर निर्धारित परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएंगी।

हाईस्कूल की परीक्षा सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक होगी, जबकि इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। इस वर्ष कुल 42,078 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 20,851 और इंटरमीडिएट के 21,227 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।

कड़ी निगरानी में होंगी परीक्षाएं

यूपी बोर्ड ने परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षा कक्षों में वॉयस रिकॉर्डिंग युक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी 24 घंटे निगरानी के निर्देश दिए हैं। प्रश्नपत्रों के सुरक्षित रख-रखाव और वितरण की पूरी प्रक्रिया भी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जाएगी।

परिषद की वेबसाइट से डाउनलोड होंगे प्रवेश पत्र

बोर्ड ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि वे परिषद की वेबसाइट से परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उन्हें उपलब्ध कराएं। साथ ही अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है। परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

16 और 17 जुलाई को होंगी प्रायोगिक परीक्षाएं

हाईस्कूल कंपार्टमेंट/इंप्रूवमेंट परीक्षा के लिए प्रोजेक्ट आधारित प्रयोगात्मक एवं आंतरिक मूल्यांकन परीक्षा, जबकि इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट की प्रायोगिक परीक्षाएं 16 और 17 जुलाई को आयोजित की जाएंगी। परीक्षकों की नियुक्ति क्षेत्रीय कार्यालयों द्वारा की जाएगी और परीक्षाएं जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देशन में निर्धारित राजकीय अथवा सहायता प्राप्त विद्यालयों में संपन्न होंगी।

20 जुलाई तक भेजने होंगे अंक

यूपी बोर्ड ने निर्देश दिया है कि सभी परीक्षार्थी अपने विद्यालय के प्रधानाचार्य अथवा जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से संपर्क कर परीक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त करें। वहीं हाईस्कूल के आंतरिक मूल्यांकन एवं इंटरमीडिएट प्रायोगिक परीक्षा के अंक 20 जुलाई तक संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों में उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।