Movie prime

UP Board Exam 2026 : 18 फरवरी से शुरू होंगी 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं, देखें पूरी डेटशीट

 
UP Board
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
UP Board Exam 2026 Datesheet : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। बोर्ड परीक्षाएं आगामी 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च 2026 तक चलेंगी। इस बार परीक्षार्थियों के लिए राहत की बात यह है कि प्रमुख विषयों की परीक्षाएं लगातार नहीं रखी गई हैं। यानी विद्यार्थियों को हर विषय के बीच तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिलेगा।

पिछले साल से छह दिन पहले शुरू होंगी परीक्षाएं

पिछले वर्ष यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 24 फरवरी से शुरू हुई थीं और 12 मार्च को समाप्त हुई थीं। लेकिन 2026 में यह परीक्षाएं छह दिन पहले यानी 18 फरवरी से शुरू होंगी। परीक्षा कार्यक्रम लगभग पिछले साल जैसा ही रहेगा, बस इस बार बीच में होली का त्योहार (4 मार्च) पड़ने के कारण एक से छह मार्च के बीच कोई पेपर नहीं रखा गया है। इस वजह से इस साल की परीक्षा अवधि पिछले वर्ष की तुलना में लगभग छह दिन अधिक चलेगी।

दो पालियों में होगी परीक्षा
  • यूपी बोर्ड की परीक्षाएं दो पालियों में कराई जाएंगी।
  • पहली पाली: सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक
  • दूसरी पाली: दोपहर 2:00 से शाम 5:15 बजे तक


बोर्ड अधिकारियों के अनुसार, तीन वर्ष पहले परीक्षाएं 7 फरवरी से शुरू हुई थीं, जबकि अब 2026 में 18 फरवरी से शुरू होंगी।

प्रमुख विषयों के बीच रहेगा पर्याप्त अंतराल

इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों परीक्षाओं में प्रमुख विषयों के बीच पर्याप्त अंतराल दिया गया है ताकि विद्यार्थी तैयारी अच्छी तरह कर सकें। हाईस्कूल की परीक्षा 18 फरवरी को हिंदी विषय से शुरू होगी। इसके बाद 23 फरवरी को अंग्रेजी, 25 फरवरी को विज्ञान और 27 फरवरी को गणित की परीक्षा होगी। इसी तरह इंटरमीडिएट परीक्षा भी 18 फरवरी को हिंदी से शुरू होगी। इसके बाद 20 फरवरी को अंग्रेजी, 23 फरवरी को गणित और जीवविज्ञान, 25 फरवरी को रसायन विज्ञान तथा 27 फरवरी को भौतिकी की परीक्षा होगी।

होली से पहले समाप्त होंगी प्रमुख परीक्षाएं

इस बार होली 4 मार्च को पड़ रही है। यूपी बोर्ड ने त्यौहार को देखते हुए प्रमुख विषयों की परीक्षाएं होली से पहले ही समाप्त करने का निर्णय लिया है। होली के बाद केवल वैकल्पिक और व्यावसायिक विषयों की परीक्षाएं होंगी।
हाईस्कूल में 7 मार्च को वाणिज्य, 9 मार्च को उर्दू, और 12 मार्च को कृषि जैसे विषयों की परीक्षाएं निर्धारित हैं। इंटरमीडिएट में भी वाणिज्य, मनोविज्ञान, शिक्षाशास्त्र, गृहविज्ञान, कंप्यूटर आदि विषयों की परीक्षाएं होली के बाद होंगी।

कुल परीक्षार्थियों की संख्या

हाईस्कूल: कुल 27,50,945 विद्यार्थी

बालक – 14,38,682

बालिका – 13,12,263

इंटरमीडिएट: कुल 24,79,352 विद्यार्थी

बालक – 13,03,012

बालिकाएं – 11,76,340

इस प्रकार, वर्ष 2026 में यूपी बोर्ड परीक्षा में कुल मिलाकर 52 लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे।

मुख्य बिंदु एक नजर में

यूपी बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक।

प्रमुख विषयों के बीच रहेगा तैयारी का अंतराल।

होली (4 मार्च) के दौरान कोई परीक्षा नहीं।

दो पालियों में होंगी सभी परीक्षाएं।

हाईस्कूल में पहला पेपर हिंदी और अंतिम कृषि का होगा।

इंटरमीडिएट में पहला पेपर हिंदी और अंतिम कंप्यूटर का होगा।

देखें पूरी डेटशीट