18 फरवरी से UP Board परीक्षाएं शुरू, वाराणसी में 117 केंद्रों पर तैयारियां पूरी
Varanasi : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की तैयारियां जिले में तेजी से अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। परीक्षा के लिए आवश्यक उत्तर पुस्तिकाएं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले के क्वींस इंटर कॉलेज स्थित भंडार कक्ष में पहुंचा दी गई हैं। बोर्ड द्वारा भेजी गई इन कॉपियों को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है और 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी के साथ सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।
परीक्षा की मुख्य जानकारी
- परीक्षा अवधि : 18 फरवरी 2026 से 12 मार्च 2026 तक
- कुल परीक्षा केंद्र : 117
- कुल परीक्षार्थी : 92,722
- हाईस्कूल: लगभग 47,000 छात्र-छात्राएं
- इंटरमीडिएट: 45,722 छात्र-छात्राएं
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के अनुसार, परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। भंडार कक्ष में रखी उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन का साफ कहना है कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रैक्टिकल परीक्षाएं जारी
बोर्ड परीक्षाओं के तहत प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) परीक्षाएं भी निर्धारित समय सारिणी के अनुसार चल रही हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्देश पर ये परीक्षाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं। जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम से प्रतिदिन प्रैक्टिकल परीक्षाओं की निगरानी की जा रही है और उनकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
छात्रों और अभिभावकों के लिए सलाह
- परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें।
- एडमिट कार्ड और मूल फोटो आईडी (आधार/वोटर आईडी) साथ रखें।
- किसी भी तरह की अनुचित गतिविधि से बचें, नकल या अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई होगी।
