Movie prime

UP PCS 2024: 16 फरवरी से शुरू होगा साक्षात्कार, 33 दिनों में पूरा होगा कार्यक्रम
 

 
 UP PCS 2024: 16 फरवरी से शुरू होगा साक्षात्कार, 33 दिनों में पूरा होगा कार्यक्रम
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

प्रयागराज I उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) परीक्षा-2024 के साक्षात्कार का कार्यक्रम जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा परिणाम घोषित होने के अगले ही दिन बृहस्पतिवार को आयोग ने यह घोषणा की। साक्षात्कार की प्रक्रिया 16 फरवरी 2026 से शुरू होकर 20 मार्च 2026 तक चलेगी, जो कुल 33 दिनों (23 कार्य दिवसों) में पूरी होगी।

पीसीएस 2024 के तहत कुल 947 पदों के लिए भर्ती हो रही है, जिसमें 24 प्रकार के पद शामिल हैं। मुख्य परीक्षा में 2719 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। इनमें से 60 पद ऐसे हैं, जिन पर चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर होगा और उनका परिणाम अंतिम चयन सूची के साथ घोषित किया जाएगा। शेष 887 पदों पर चयन लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार दोनों के आधार पर होगा, जिसके लिए 2719 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है।

साक्षात्कार प्रतिदिन दो सत्रों में आयोजित होगा। पहले सत्र के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे और दूसरे सत्र के लिए अपराह्न 12 बजे तक आयोग परिसर स्थित सरस्वती भवन पहुंचना अनिवार्य है। पहले सत्र का साक्षात्कार सुबह 9:30 बजे से तथा दूसरे सत्र का अपराह्न 2 बजे से शुरू होगा।

साक्षात्कार की प्रमुख तिथियां
- फरवरी 2026:
16, 17, 18, 19, 20, 21, 23, 24, 25, 26, 27, 28
- मार्च 2026: 09, 10, 11, 12, 13, 14, 16, 17, 18, 19, 20

अभ्यर्थी 6 फरवरी 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://uppsc.up.nic.in पर जाकर अपना साक्षात्कार पत्र (Interview Letter) डाउनलोड कर सकते हैं। साथ ही उन्हें आवेदन पत्र, प्रमाणीकरण पत्रक, देशना पत्रक, अंकतालिका विवरण एवं अधिमान्यता प्रपत्र भी डाउनलोड करके प्रिंट कर साक्षात्कार के दौरान साथ लाना होगा। अभ्यर्थी केवल उन पदों की वरीयता भर सकेंगे, जिनके लिए वे मुख्य परीक्षा में सफल हुए हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप हैं।