UPSSSC भर्ती 2026: PET 2025 पास युवाओं के लिए शानदार मौका, विधानसभा रक्षक और फायरमैन भर्ती शुरू
Lucknow : उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने युवाओं के लिए फायरमैन और विधानसभा रक्षक भर्ती 2026 के लिए सरकारी नौकरी की तैयारी जारी कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 170 नियुक्तियों की मांग की गई है। आवेदन प्रक्रिया में केवल पीईटी 2025 पास अभ्यर्थी ही शामिल होगा।
170 पदों पर होगी भर्ती
जारी अधिसूचना के अनुसार, भर्ती अभियान के तहत विधानसभा रक्षक के 120 पद और फायरमैन के 50 पद भरे जाएंगे। आयोग ने आरक्षण नियमों के तहत विभिन्न वर्गों के लिए सीटें निर्धारित की हैं।
आवेदन के लिए जरूरी योग्यता
इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना अनिवार्य है। इसके साथ ही अभ्यर्थी के पास UPSSSC PET 2025 का वैध स्कोर कार्ड होना जरूरी होगा।
भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
फिजिकल टेस्ट भी होगा जरूरी
उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा के साथ फिजिकल टेस्ट भी पास करना होगा। सामान्य, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और एससी वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर और महिलाओं की 152 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है।
वहीं एसटी वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए 160 सेंटीमीटर और महिलाओं के लिए 147 सेंटीमीटर लंबाई जरूरी होगी। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए सीने की माप भी निर्धारित की गई है। इसके अलावा दौड़ और फिटनेस टेस्ट के जरिए शारीरिक क्षमता की जांच की जाएगी।
चार चरणों में होगा चयन
भर्ती प्रक्रिया चार चरणों में पूरी की जाएगी। सबसे पहले लिखित परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें सामान्य ज्ञान, कंप्यूटर और उत्तर प्रदेश सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके बाद फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट होगा।
सभी चरणों में सफल उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया जाएगा।
परीक्षा पैटर्न
लिखित परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा 100 अंकों की होगी और इसके लिए 2 घंटे का समय दिया जाएगा। हर सही उत्तर पर 1 अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी।
इस भर्ती में सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क केवल 25 रुपये रखा गया है।
ऐसे करें आवेदन
- उम्मीदवार UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
- इसके लिए PET 2025 रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए लॉगिन करना होगा।
- आवेदन फॉर्म भरने, दस्तावेज अपलोड करने और शुल्क जमा करने के बाद उम्मीदवार फॉर्म का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
