MGKVP में कुलपति ने किया महिला छात्रावास के मेस का शुभारंभ, बोले- भोजन की गुणवत्ता से न हो समझौता
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सोमवार को जे.के. महिला छात्रावास के मेस का शुभारंभ किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने मेस का उद्घाटन कर छात्राओं के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का जायजा लिया।
इस दौरान कुलपति ने मेस संचालक को भोजन तैयार करने में उच्च गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेस के लिए खाद्य सामग्री की खरीदारी करते समय उसकी गुणवत्ता के साथ-साथ एक्सपायरी डेट की भी अनिवार्य रूप से जांच की जाए।
कुलपति ने छात्राओं के बैठने की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और मेस में आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मेस संचालन के दौरान स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और खाद्य सामग्री की शुद्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, छात्राओं को बेहतर और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना मेस व्यवस्था की प्राथमिकता है। इसके लिए खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर लगातार निगरानी रखने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय, मुख्य गृहपति डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह, डॉ. अम्बरीष राय समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
