Movie prime

NEET-JEE कोचिंग टीचर बनना चाहते हैं? बिहार बोर्ड ने निकाली भर्ती, 10 जुलाई तक करें अप्लाई
 

 
 NEET-JEE कोचिंग टीचर बनना चाहते हैं? बिहार बोर्ड ने निकाली भर्ती, 10 जुलाई तक करें अप्लाई
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

पटना। शिक्षक बनने की इच्छा रखने वाले अनुभवी अभ्यर्थियों के लिए सुनहरा अवसर है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने वर्ष 2026 के लिए NEET और JEE कोचिंग फैकल्टी की भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इसके तहत पटना के 10 नए निःशुल्क कोचिंग केंद्रों में फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ और बायोलॉजी विषय के शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार 10 जुलाई 2026 शाम 5 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट coaching.biharboardonline.com पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

समिति की ओर से यह पहल 10वीं कक्षा उत्तीर्ण मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इसके लिए अनुभवी और योग्य शिक्षकों का चयन किया जाएगा।

योग्यता

भर्ती के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से एमएससी, बीटेक या एमटेक की डिग्री होना अनिवार्य है। साथ ही किसी प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान में NEET या JEE की तैयारी कराने का कम से कम 5 वर्ष का अनुभव होना चाहिए।

इसके अलावा अभ्यर्थी ने पिछले पांच वर्षों में किसी भी वर्ष प्रतिष्ठित संस्थान में कम से कम ₹1 लाख प्रतिमाह या ₹12 लाख वार्षिक वेतन प्राप्त किया हो। चयन के दौरान इस दावे का सत्यापन बैंक स्टेटमेंट या आयकर रिटर्न (ITR) के माध्यम से किया जाएगा।

चयन प्रक्रिया

उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, डेमो क्लास और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। साक्षात्कार 12 जुलाई 2026 को सुबह 10 बजे बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, सिन्हा लाइब्रेरी रोड, पटना में आयोजित होगा।

मानदेय और नियुक्ति

चयनित शिक्षकों को ₹2000 प्रति घंटे की दर से भुगतान किया जाएगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों की प्रोफेशनल फीस में हर वर्ष 5 से 10 प्रतिशत तक वृद्धि की जाएगी।

प्रारंभिक नियुक्ति दो वर्षों के लिए होगी। इसके बाद कार्य संतोषजनक रहने पर आवश्यकता के अनुसार 11-11 महीने की अवधि के लिए अनुबंध बढ़ाया जा सकता है।

ऐसे करें आवेदन

उम्मीदवार BSEB की आधिकारिक वेबसाइट coaching.biharboardonline.com पर जाकर "Teachers for 10 New Non Residential Free Coaching at Patna" लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

ऑनलाइन आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव, फोटो, रिज्यूमे तथा संबंधित दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन पत्र जमा करने के बाद उसका प्रिंट आउट सुरक्षित रखना आवश्यक है।

यात्रा भत्ता भी मिलेगा

साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को इकोनॉमी क्लास हवाई यात्रा या एसी ट्रेन किराए का 70 प्रतिशत भुगतान किया जाएगा। इसके लिए उम्मीदवारों को यात्रा टिकट की प्रति साक्षात्कार के समय प्रस्तुत करनी होगी।