नोरा फतेही के खिलाफ कोर्ट पहुंची एविएशन कंपनी, ठोका 3 करोड़ का मानहानि का केस
बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। एविएशन कंपनी ड्यून्स एविएशन ने उनके खिलाफ 3 करोड़ रुपये की मानहानि का मुकदमा दायर किया है। कंपनी ने यह मामला गांधीनगर की अदालत में दाखिल किया है। आरोप है कि नोरा फतेही ने कंपनी के चार्टर्ड विमान को लेकर सोशल मीडिया पर ऐसी टिप्पणियां कीं, जिनसे कंपनी की प्रतिष्ठा और कारोबार को नुकसान पहुंचा।
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, ड्यून्स एविएशन का दावा है कि नोरा ने विमान को लेकर उसे कथित तौर पर ‘लेगो एयरप्लेन’, ‘छोटा’ और ‘खिलौना’ बताया था। कंपनी का कहना है कि नोरा के सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स हैं, इसलिए उनके कमेंट तेजी से लोगों तक पहुंचे और इसका सीधा असर कंपनी की छवि पर पड़ा। मामले की अगली सुनवाई 25 सितंबर को सीनियर सिविल जज आर. अग्रवाल की अदालत में होगी।
मुंबई से जयपुर जाते समय बनाया था वीडियो
मुकदमे में लगाए गए आरोपों के अनुसार, पिछले साल दिसंबर में नोरा फतेही ने मुंबई से जयपुर की यात्रा के दौरान सेसना सिटेशन CJ2 विमान के अंदर कुछ वीडियो रिकॉर्ड किए थे। बाद में उन्होंने इन वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया। वीडियो में एक्ट्रेस ने विमान के आकार को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी और उसे छोटा तथा खिलौने जैसा बताया।
ड्यून्स एविएशन ने इन टिप्पणियों पर आपत्ति जताते हुए अदालत का रुख किया है। कंपनी ने आरोप लगाया है कि विमान के बारे में बिना पर्याप्त तकनीकी जानकारी या तथ्यों की पुष्टि किए सार्वजनिक टिप्पणी की गई।
बुकिंग में 15 से 20 फीसदी गिरावट का दावा
ड्यून्स एविएशन ने अपने मुकदमे में दावा किया है कि नोरा फतेही की टिप्पणियों के बाद कंपनी को व्यावसायिक नुकसान उठाना पड़ा। कंपनी के मुताबिक, कुछ ग्राहकों ने अपनी बुकिंग रद्द कर दी और घटना के बाद बुकिंग में करीब 15 से 20 प्रतिशत तक की गिरावट आई।
कंपनी का कहना है कि सोशल मीडिया पर नोरा की मजबूत पहुंच के कारण उनके कमेंट का असर व्यापक हुआ, जिससे उसकी गुडविल और कारोबारी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा।
कंपनी ने विमान की सुरक्षा पर दी सफाई
ड्यून्स एविएशन ने अपने मुकदमे में विमान की सुरक्षा और संचालन को लेकर भी सफाई दी है। कंपनी के मुताबिक, जिस सेसना सिटेशन CJ2 विमान में नोरा ने यात्रा की थी, वह सामान्य और मानक विमान है और उनकी यात्रा के लिए पूरी तरह उपयुक्त था।
कंपनी का दावा है कि विमान DGCA से प्रमाणित है और वैध NSOP के तहत कानूनी रूप से संचालित किया जाता है। एविएशन कंपनी ने विमान को सुरक्षित बताते हुए नोरा की टिप्पणियों को तथ्यहीन और लापरवाही भरा बताया है।
कोर्ट से पोस्ट हटाने और सार्वजनिक स्पष्टीकरण की मांग
ड्यून्स एविएशन ने 3 करोड़ रुपये के हर्जाने के अलावा अदालत से सोशल मीडिया पर मौजूद उन पोस्ट और कंटेंट को हटाने का निर्देश देने की मांग की है, जिनमें विमान को लेकर नोरा की टिप्पणियां या उनका जिक्र है।
कंपनी ने नोरा फतेही से सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देने की मांग भी की है। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों पर अंतिम फैसला अभी नहीं हुआ है। अब अदालत की अगली सुनवाई 25 सितंबर को होगी और आगे की कानूनी प्रक्रिया के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि इस मामले में अदालत का रुख क्या रहता है।
