सेंसर बोर्ड का पुनर्गठन: पंकज त्रिपाठी, प्रीति जिंटा समेत 18 सदस्य नए CBFC बोर्ड में शामिल
नई दिल्ली। भारत सरकार ने बुधवार को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) का पुनर्गठन किया। नए बोर्ड में सिनेमा, संगीत, साहित्य और कला समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कुल 18 सदस्यों को शामिल किया गया है। इनमें अभिनेता पंकज त्रिपाठी, सुनील शेट्टी, मनोज जोशी, प्रोसेंजीत चटर्जी, अभिनेत्री प्रीति जिंटा, रूपाली गांगुली और पल्लवी जोशी जैसे चर्चित नाम शामिल हैं।
ये 18 सदस्य बने CBFC का हिस्सा
पुनर्गठित CBFC में विनोद अनुपम, मनोज जोशी, अभिषेक जैन, रिकी केज, प्रियदर्शन, सुनील शेट्टी, हंसराज हंस, सुप्रिया यार्लगड्डा, यतींद्र मिश्रा, रूपाली गांगुली, प्रीति जिंटा, नीला माधब पांडा, पंकज त्रिपाठी, प्रोसेंजीत चटर्जी, पल्लवी जोशी, निशिगंधा वाड, वामन केंद्रे और रमेश पतांगे को शामिल किया गया है।
फिल्म प्रमाणन में होगी अहम भूमिका
नए बोर्ड में मनोरंजन जगत के साथ-साथ संगीत, साहित्य और कला से जुड़े लोगों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड का मुख्य कार्य फिल्मों को प्रमाणित करना है। बोर्ड के फैसलों का फिल्मों की रिलीज और उनके सार्वजनिक प्रदर्शन पर सीधा असर पड़ता है।
पुनर्गठन के बाद नए सदस्य फिल्म प्रमाणन से जुड़े मामलों में अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे। हालांकि, बोर्ड की कानूनी भूमिका और कार्यप्रणाली में कोई मूलभूत बदलाव नहीं किया गया है।
अधिकतम 3 साल का होगा कार्यकाल
नए सदस्यों का कार्यकाल अधिकतम तीन वर्ष का होगा। CBFC आगे भी सिनेमैटोग्राफ एक्ट और 2024 के फिल्म प्रमाणन नियमों के तहत काम करेगा। यानी बोर्ड के सदस्यों में बदलाव हुआ है, लेकिन फिल्मों के प्रमाणन से जुड़ी उसकी कानूनी जिम्मेदारियां पहले की तरह ही बनी रहेंगी।
