रिलीज से पहले ही 'धमाल 4' का धमाका, एडवांस बुकिंग में करोड़ों की कमाई, हर घंटे बिक रहे हजारों टिकट
अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी और जावेद जाफरी स्टारर 'धमाल 4' 10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म को रिलीज से पहले ही दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। एडवांस बुकिंग के शुरुआती आंकड़े बताते हैं कि कॉमेडी फ्रेंचाइजी का यह चौथा पार्ट बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत कर सकता है।
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, शाम 6 बजे तक फिल्म की एडवांस बुकिंग से करीब 1.5 करोड़ रुपये की कमाई हो चुकी है। अब तक 59,307 टिकट बिक चुके हैं। वहीं, ब्लॉक सीटों को मिलाकर फिल्म का कुल प्री-सेल कलेक्शन 4.08 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
देशभर में फिल्म को 8,032 शो मिले हैं और एडवांस बुकिंग की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हर घंटे एक हजार से ज्यादा टिकट बिक रहे हैं। एडवांस बुकिंग में महाराष्ट्र सबसे मजबूत बाजार बनकर उभरा है, जबकि दिल्ली-एनसीआर भी शानदार रिस्पॉन्स दे रहा है।
ओपनिंग डे पर 15-16 करोड़ की उम्मीद
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, 'धमाल 4' पहले दिन 15 से 16 करोड़ रुपये के बीच की ओपनिंग कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह फिल्म फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों में शामिल हो सकती है। इससे पहले 'धमाल' सीरीज के तीनों पार्ट्स को भी दर्शकों का अच्छा समर्थन मिला था।
दमदार स्टारकास्ट और कॉमेडी का तड़का
निर्देशक इंदर कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म का रनटाइम 2 घंटे 23 मिनट है और इसे U/A 13+ सर्टिफिकेट मिला है।
फिल्म में अजय देवगन के अलावा रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी और रवि किशन अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं संजीदा शेख, ईशा गुप्ता और अंजलि आनंद फीमेल लीड में दिखाई देंगी।
फिल्म का ट्रेलर पहले ही दर्शकों को पसंद आ चुका है और अब मेकर्स को उम्मीद है कि 'धमाल 4' सिनेमाघरों में भी दर्शकों को हंसाने के साथ बॉक्स ऑफिस पर जोरदार प्रदर्शन करेगी।
