Movie prime

'काश बबलू पंडित को नहीं मारा होता…' मिर्जापुर' को लेकर एक्टर विक्रांत मैसी का छलका दर्द, खोले कई राज

 
Vikrant
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

बॉलीवुड अभिनेता विक्रांत मैसी ने चर्चित वेब सीरीज 'मिर्जापुर' को लेकर बड़ा खुलासा किया है। सीरीज के पहले सीजन में 'बबलू पंडित' का यादगार किरदार निभाने वाले विक्रांत ने कहा कि उन्हें आज भी इस बात का अफसोस है कि उनके किरदार को पहले ही सीजन में खत्म कर दिया गया। उनका मानना है कि अगर बबलू पंडित की मौत नहीं होती, तो वह आगे के सीजन और फिल्म का भी हिस्सा होते।

हाल ही में एक बातचीत के दौरान विक्रांत मैसी ने कहा, "काश उन्होंने मुझे मारा न होता।" उन्होंने बताया कि 'मिर्जापुर' जब उनके पास आई थी, तब यह कुछ उत्साही लोगों का एक छोटा-सा प्रोजेक्ट था, जिसने बाद में बड़ी सफलता हासिल की।

'सेट पर 85 फीसदी पुरुष थे, मेल ईगो भी दिखती थी'

विक्रांत ने शूटिंग के माहौल को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि 'मिर्जापुर' के सेट पर कैमरे के सामने और पीछे करीब 85 प्रतिशत पुरुष थे। उनके मुताबिक, इतनी बड़ी पुरुष टीम होने की वजह से कई बार मेल ईगो भी देखने को मिलती थी।

उन्होंने कहा कि यह कुछ ऐसे लोगों का समूह था, जो एक साथ मिलकर बेहतरीन शो बनाना चाहते थे। हालांकि, कई मौकों पर लोगों के बीच अपने विचार और प्रभाव दिखाने की होड़ भी नजर आती थी।

'मिर्जापुर: द मूवी' में नहीं दिखेंगे विक्रांत

'मिर्जापुर' के फैंस लंबे समय से उम्मीद कर रहे थे कि बबलू पंडित किसी न किसी रूप में 'मिर्जापुर: द मूवी' में वापसी करेंगे। लेकिन हाल ही में रिलीज हुए टीजर ने इन अटकलों पर विराम लगा दिया।

टीजर में बबलू पंडित के किरदार में विक्रांत मैसी की जगह 'पंचायत' फेम अभिनेता जितेंद्र कुमार नजर आए हैं। वहीं, फिल्म में श्रिया पिलगांवकर एक बार फिर स्वीटी गुप्ता और दिव्येंदु शर्मा मुन्ना भैया के किरदार में वापसी कर रहे हैं।

4 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म

'मिर्जापुर: द मूवी' की कहानी वर्ष 2018 की टाइमलाइन पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि बड़े पर्दे पर 'मिर्जापुर' की कहानी दर्शकों को कितना पसंद आती है और नए कलाकारों को फैंस किस तरह स्वीकार करते हैं।