Movie prime

महाभारत’ फेम अभिनेत्री आशा सिंह का निधन, भारत की पहली महिला मिमिक्री आर्टिस्ट के तौर पर बनाई थी खास पहचान

 
....
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

टीवी और बॉलीवुड इंडस्ट्री से दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज अभिनेत्री और देश की पहली महिला मिमिक्री आर्टिस्ट के तौर पर पहचान बनाने वाली आशा सिंह जायसवाल का निधन हो गया है। उन्होंने शनिवार, 22 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद फिल्म और टीवी जगत में शोक की लहर है।

आशा सिंह को बी.आर. चोपड़ा के चर्चित टीवी सीरियल ‘महाभारत’ में द्रोणाचार्य की पत्नी कृपी के किरदार के लिए खास तौर पर याद किया जाता है। इस भूमिका में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया था।


बेटे आकाश सिंह ने दी निधन की जानकारी

आशा सिंह के निधन की जानकारी उनके बेटे आकाश सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर अपनी मां के निधन की खबर फैंस और करीबियों के साथ साझा की। आशा सिंह का अंतिम संस्कार रविवार सुबह 10 बजे मुंबई के विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान घाट पर किया गया।

आकाश सिंह ने अपनी मां को याद करते हुए लिखा कि उनके लिए उनका काम ही सब कुछ था। उन्होंने फैंस से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर उनकी मां के काम को देखें और उन्हें याद रखें, ताकि उनकी आत्मा को शांति मिल सके।

आकाश ने अपनी मां के आखिरी संदेश का जिक्र करते हुए यह भी बताया कि आशा सिंह का मानना था कि मृत्यु के समय सिर्फ दुख मनाने के बजाय जीवन और यादों को लेकर आनंद महसूस करना चाहिए।


कौन थीं आशा सिंह?

आशा सिंह जायसवाल को भारत की पहली महिला मिमिक्री आर्टिस्ट के तौर पर जाना जाता था। वह अपनी शानदार आवाज और मिमिक्री के लिए मशहूर थीं। खास तौर पर हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री मीना कुमारी की आवाज की नकल करने के लिए भी उनकी पहचान थी।

अभिनय के क्षेत्र में उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता बी.आर. चोपड़ा की ‘महाभारत’ से मिली। शो में उन्होंने द्रोणाचार्य की पत्नी कृपी का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा।

एक्टिंग के साथ बिजनेस में भी बनाई पहचान

आशा सिंह सिर्फ अभिनेत्री और मिमिक्री आर्टिस्ट ही नहीं थीं, बल्कि एक सफल एंटरप्रेन्योर भी थीं। उन्होंने ‘आशा इवेंट्स एंड फिल्म्स’ नाम की कंपनी की स्थापना की थी। इसके जरिए उन्होंने मनोरंजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और कई तरह के इवेंट्स का आयोजन किया।

 

अपनी कला और काम के जरिए आशा सिंह ने मनोरंजन जगत में एक अलग पहचान बनाई। उनके निधन से इंडस्ट्री ने एक ऐसी कलाकार को खो दिया है, जिसने अभिनय, मिमिक्री और इवेंट मैनेजमेंट—तीनों क्षेत्रों में अपनी खास छाप छोड़ी।