Mahesh Babu की 'Varanasi' का बदला टाइटल, जानें अब क्या रखा गया राजामौली की फिल्म का नाम
महेश बाबू की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ इन दिनों फिल्मी गलियारों में खूब चर्चा का विषय बनी हुई है। पहला लुक जारी होते ही फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। महेश बाबू के साथ इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन अहम किरदार निभा रहे हैं और तीनों स्टार्स के लुक पहले ही सामने आ चुके हैं, लेकिन इसी बीच फिल्म का टाइटल विवादों में फंस गया था। दरअसल, हैदराबाद में आयोजित एक भव्य इवेंट में मेकर्स ने ‘वाराणसी’ नाम के साथ फिल्म का फर्स्ट लुक लॉन्च किया था, जिसके बाद से ही यह विवादों के घेरे में आ गई।
फिल्म के टाइटल पर क्यों हुआ विवाद?
फिल्ममेकर सीएच सुब्बा रेड्डी ने दावा किया कि ‘वाराणसी’ टाइटल पहले से ही उन्होंने रजिस्टर कराया है और यह उनके प्रोजेक्ट का नाम है। उन्होंने इस मामले में शिकायत भी दर्ज कराई। उनका कहना था कि दो साल पहले उनकी टीम ने ‘वाराणसी’ टाइटल को अपने नाम से सुरक्षित किया था। ऐसे में राजामौली की नई फिल्म में यही टाइटल इस्तेमाल किए जाने पर उन्होंने आपत्ति जताई।
फिल्म का नया नाम क्या रखा गया?
विवाद बढ़ता देख मेकर्स ने तुरंत कदम उठाया और फिल्म का टाइटल बदल दिया। अब फिल्म ‘राजामौली की वाराणसी’ नाम से रिलीज होगी। यानी टाइटल में निर्देशक एस.एस. राजामौली का नाम जोड़कर विवाद को पूरी तरह शांत कर दिया गया है। नई घोषणा के बाद अब यह फिल्म आधिकारिक रूप से ‘राजामौली की वाराणसी’ के नाम से ही सिनेमाघरों में आएगी।
कब आएगी फिल्म?
फिल्म को लेकर फैंस में उत्साह लगातार बढ़ रहा है। ‘राजामौली की वाराणसी’ साल 2027 में बड़े पर्दे पर दस्तक देगी। इस फिल्म की खास बात यह है कि इससे प्रियंका चोपड़ा हिंदी सिनेमा में अपनी जोरदार वापसी करने जा रही हैं।
हाल ही में हुए हैदराबाद इवेंट में प्रियंका ने अपने किरदार ‘मंदाकिनी’ को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा कीं और राजामौली के साथ काम करने के अनुभव को भी बेहद खास बताया। कार्यक्रम में देसी गर्ल के पारंपरिक अंदाज ने सभी का दिल जीत लिया।
