'राणाजी 2.0' पर ममता कुलकर्णी का आया रिएक्शन, बोली- माहिरा शर्मा ने अच्छा काम किया, लेकिन...
टीवी अभिनेत्री माहिरा शर्मा का नया म्यूजिक वीडियो 'राणाजी 2.0' इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। 90 के दशक के सुपरहिट गाने 'राणाजी माफ करना' के इस रीमेक को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी बीच ओरिजिनल गाने की स्टार ममता कुलकर्णी ने भी इस नए वर्जन पर अपनी राय रखी है।
1995 में रिलीज हुई फिल्म 'करण अर्जुन' का गाना 'राणाजी माफ करना' उस दौर के सबसे लोकप्रिय गीतों में शामिल रहा था। सलमान खान, शाहरुख खान और काजोल अभिनीत इस फिल्म के इस गाने में ममता कुलकर्णी के डांस और अंदाज को आज भी याद किया जाता है। अब इसी गाने को नए अंदाज में 'राणाजी 2.0' के रूप में पेश किया गया है, जिसमें माहिरा शर्मा नजर आ रही हैं।
ममता बोलीं- माहिरा ने अच्छा काम किया
रीमेक गाने को सोशल मीडिया पर जहां कुछ लोगों ने पसंद किया, वहीं कई यूजर्स ने इसे ट्रोल करते हुए कहा कि एक और क्लासिक गाने को खराब कर दिया गया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ममता कुलकर्णी ने कहा कि माहिरा शर्मा ने अच्छा काम किया है।
उन्होंने कहा, "ओरिजिनल गाना भारतीय पहनावे और पारंपरिक डांस स्टाइल पर आधारित था, जबकि नए वर्जन को वेस्टर्न लुक और स्टाइल में बनाया गया है। यही वजह है कि दोनों अलग नजर आते हैं। हालांकि, पुराना गाना लोगों की यादों में बसा हुआ है, इसलिए उसकी तुलना होना स्वाभाविक है।"
याद किए 'राणाजी माफ करना' के शूटिंग के दिन
ममता कुलकर्णी ने ओरिजिनल गाने की शूटिंग से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि गाने के कोरियोग्राफर चिन्नी प्रकाश थे और रिहर्सल दो-तीन दिन के लिए रखी गई थी। हालांकि, उन्होंने पहले ही दिन सभी डांस स्टेप्स सीख लिए थे। बाद में सेट पर पहुंचने पर स्टेप्स बदल दिए गए, जिससे वह थोड़ी हैरान हुईं। इसके बावजूद पूरी टीम ने समय पर गाने की शूटिंग पूरी कर ली।
'अब वैसा गाना नहीं करूंगी'
बॉलीवुड में वापसी की संभावना पर ममता कुलकर्णी ने कहा कि अगर उन्हें कोई अच्छी और दमदार स्क्रिप्ट मिलती है तो वह जरूर काम करेंगी। हालांकि उन्होंने साफ किया कि अब वह 'राणाजी माफ करना' जैसे गाने नहीं करेंगी। उनके मुताबिक, अब वह आध्यात्मिक रूप से काफी बदल चुकी हैं और किसी भी प्रोजेक्ट को चुनते समय उसके बोलों और संदेश पर विशेष ध्यान देती हैं। उन्होंने कहा कि अपने शुरुआती करियर में उनका पूरा फोकस सिर्फ डांस और परफॉर्मेंस पर होता था, लेकिन अब उनकी सोच पहले से काफी बदल चुकी है।
