‘शर्म आती है देखकर...’विमल ऐड पर भड़के मुकेश खन्ना, शाहरुख-अजय-टाइगर से बोले- जनता से मांगें माफी
बॉलीवुड अभिनेता मुकेश खन्ना ने शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ के विमल इलायची विज्ञापन को लेकर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने बड़े फिल्मी सितारों के ऐसे विज्ञापनों में शामिल होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि मशहूर कलाकारों की बातों और उनके काम का युवाओं पर गहरा प्रभाव पड़ता है। मुकेश खन्ना ने महाराष्ट्र FDA की ओर से तीनों अभिनेताओं को भेजे गए नोटिस का भी समर्थन किया है।
मुकेश खन्ना ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि भले ही विज्ञापन में इलायची का प्रचार दिखाया गया हो, लेकिन इससे उसी ब्रांड के पान मसाला का अप्रत्यक्ष प्रचार होने की संभावना रहती है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर महाराष्ट्र में ऐसे उत्पादों पर प्रतिबंध है, तो इस मामले में कार्रवाई इतनी देर से क्यों हुई।
अभिनेता ने शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की अपील भी की। उनका कहना है कि बड़े सितारों की लोकप्रियता के कारण उनके विज्ञापनों का लोगों और खासकर युवाओं पर असर पड़ता है। ऐसे में कलाकारों को किसी भी ऐसे प्रचार का हिस्सा बनने से बचना चाहिए, जिससे गलत संदेश जाए।
मुकेश खन्ना ने अपने पोस्ट के कैप्शन में भी विज्ञापन पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि उन्हें यह देखकर शर्म आती है कि कोई स्टार अदाब करने के अंदाज में इशारा करते हुए गुटखा खाने का संदेश देता नजर आए। उन्होंने सवाल किया कि जब इन सितारों के पास दौलत और शोहरत की कोई कमी नहीं है, तो फिर युवाओं को गलत दिशा में ले जाने वाले विज्ञापनों का हिस्सा बनने की जरूरत क्यों पड़ती है।
इस पूरे मामले में महाराष्ट्र FDA ने शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। FDA को आशंका है कि विमल इलायची के विज्ञापन के जरिए प्रतिबंधित पान मसाला उत्पाद का अप्रत्यक्ष प्रचार किया जा रहा है। तीनों कलाकारों से विज्ञापन में उनकी भूमिका और इस मामले में उनका पक्ष स्पष्ट करने को कहा गया है। अब मुकेश खन्ना के बयान के बाद यह विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।
