मुन्ना और गुड्डू की वापसी से मचेगा तहलका, 'Mirzapur The Movie' का भौकाल मचाने वाला ट्रेलर रिलीज
मिर्जापुर की दुनिया अब OTT से निकलकर बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। साल 2018 में शुरू हुई इस चर्चित कहानी ने दर्शकों के बीच अलग पहचान बनाई थी। अब ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के जरिए कालीन भैया, मुन्ना भैया और गुड्डू पंडित की कहानी एक बार फिर नए अंदाज में सामने आने वाली है। फिल्म के ट्रेलर ने साफ कर दिया है कि इस बार कहानी का दायरा पहले से कहीं बड़ा होने वाला है।
फिल्म में एक बार फिर कालीन भैया के किरदार में पंकज त्रिपाठी, मुन्ना भैया के रूप में दिव्येंदु और गुड्डू पंडित के किरदार में अली फजल नजर आएंगे। ट्रेलर में तीनों का वही पुराना दबदबा और भौकाल देखने को मिल रहा है, जिसने ‘मिर्जापुर’ को दर्शकों के बीच खास बनाया था।
ट्रेलर में गुड्डू पंडित यह कहते नजर आते हैं कि वह कालीन भैया का साम्राज्य चला रहे हैं। लेकिन कहानी यहीं खत्म होती नजर नहीं आती। उनके साथ कार में नजर आने वाला जितेंद्र कुमार का नया किरदार कहानी में नया मोड़ लेकर आता है।
उसका मकसद सिर्फ मौजूदा साम्राज्य का हिस्सा बनना नहीं, बल्कि अपना अलग साम्राज्य खड़ा करना दिखाई देता है। ऐसे में फिल्म में सत्ता, महत्वाकांक्षा और वर्चस्व की लड़ाई एक बार फिर तेज होती नजर आ रही है।
पुराने रिश्तों और राज से उठेगा पर्दा?
‘मिर्जापुर: द मूवी’ की कहानी को ऐसे दौर में ले जाया गया है, जहां कई पुराने राज और रिश्तों की परतें खुल सकती हैं। ये घटनाएं आगे चलकर ‘मिर्जापुर’ की पूरी कहानी को किस तरह प्रभावित करती हैं, फिल्म में इसे दिलचस्प अंदाज में दिखाने की कोशिश की गई है।
यानी दर्शकों को सिर्फ एक नई कहानी नहीं, बल्कि मिर्जापुर की दुनिया से जुड़े कई अनसुलझे सवालों के जवाब भी मिलने की उम्मीद है।
कौन बना रहा है ‘मिर्जापुर: द मूवी’?
‘मिर्जापुर: द मूवी’ को अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट पेश कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी और लेखन की जिम्मेदारी पुनीत कृष्णा ने संभाली है।
फिल्म को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। वहीं कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके को-प्रोड्यूसर हैं।
फिल्म 4 सितंबर 2026 को हिंदी और तेलुगु भाषा में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
2018 में शुरू हुआ था ‘मिर्जापुर’ का सफर
‘मिर्जापुर’ की शुरुआत साल 2018 में अमेजन प्राइम वीडियो पर हुई थी। पहले सीजन ने दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की। इसके बाद साल 2020 में दूसरा और 2024 में तीसरा सीजन रिलीज हुआ।
तीसरे सीजन की कहानी और रफ्तार को लेकर कुछ दर्शकों ने नाराजगी भी जाहिर की थी, हालांकि इसके बावजूद सीजन को काफी पसंद किया गया। अब फिल्म के जरिए इस चर्चित कहानी को एक बड़े सिनेमाई रूप में आगे बढ़ाने की तैयारी है।
