Fawad Khan-Mahira Khan की वेब सीरीज को भारत में नहीं मिलेगी जगह, Netflix ने रिलीज पर लगाई रोक
Netflix ने विवाद के बीच पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' को भारत में रिलीज नहीं करने का फैसला किया है। फवाद खान और माहिरा खान स्टारर इस सीरीज पर सरकारी एडवाइजरी और फिल्म संगठनों के विरोध के बाद यह निर्णय लिया गया है।
Netflix Pakistani Series: पाकिस्तानी कलाकार फवाद खान और माहिरा खान की आगामी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' भारत में रिलीज नहीं होगी। नेटफ्लिक्स ने विवाद और केंद्र सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी के बीच भारतीय दर्शकों के लिए इस सीरीज को रिलीज नहीं करने का फैसला किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, अब यह शो भारत में नेटफ्लिक्स के सब्सक्राइबर्स को उपलब्ध नहीं होगा। सीरीज को लेकर फिल्म इंडस्ट्री के संगठनों ने भी विरोध जताया था।
भारत में रिलीज नहीं होगी पाकिस्तानी वेब सीरीज
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया कि नेटफ्लिक्स ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत के बाद भारत में सीरीज रिलीज नहीं करने का निर्णय लिया है। इसे अब भारतीय दर्शकों के लिए प्लेटफॉर्म की आगामी रिलीज सूची में भी शामिल नहीं किया जा रहा है।
यह फैसला ऐसे समय आया है, जब सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को पाकिस्तान में बने कंटेंट को भारत में स्ट्रीम नहीं करने संबंधी पहले की एडवाइजरी का पालन करने की याद दिलाई थी। मंत्रालय ने कंपनी से जून 2025 में सरकार को दिए गए अपने आश्वासन पर कायम रहने को कहा था।
फिल्म संगठनों ने भी किया था विरोध
इस सीरीज का ट्रेलर 24 नवंबर को जारी किया गया था। इसके बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने इसके भारत में प्रसारण का विरोध किया।
AICWA ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सीरीज की भारतीय रिलीज रोकने की मांग की थी। संगठन ने पाकिस्तानी मनोरंजन कंटेंट पर स्थायी प्रतिबंध लगाने के लिए कानून बनाने की मांग भी उठाई थी।
वहीं, FWICE ने चेतावनी दी थी कि यदि नेटफ्लिक्स भारत में इस पाकिस्तानी सीरीज को स्ट्रीम करता है तो 5 दिसंबर से उसके सदस्य देशभर में नेटफ्लिक्स की शूटिंग और प्रोडक्शन से जुड़े कामों से खुद को अलग कर लेंगे।
सरकार ने 2025 की एडवाइजरी का दिलाया था ध्यान
इस विवाद के बीच सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को 8 मई 2025 को जारी एडवाइजरी का पालन करने के लिए कहा था। यह एडवाइजरी पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बाद जारी की गई थी।
इसमें भारत में काम कर रहे ओटीटी प्लेटफॉर्म, स्ट्रीमिंग सेवाओं और डिजिटल माध्यमों को पाकिस्तान से जुड़े कंटेंट की उपलब्धता बंद करने के निर्देश दिए गए थे। इसमें वेब सीरीज, फिल्में, गाने, पॉडकास्ट और अन्य डिजिटल सामग्री शामिल थी।
मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को यह भी याद दिलाया कि कंपनी ने जून 2025 में सरकार को बताया था कि वह भारतीय सब्सक्राइबर्स के लिए पाकिस्तान में बनी कोई फिल्म या वेब सीरीज उपलब्ध नहीं करा रही है।
क्या है 'जो बचे हैं संग समेट लो' की कहानी?
'जो बचे हैं संग समेट लो' पाकिस्तानी लेखिका फरहत इश्तियाक के इसी नाम के चर्चित उर्दू उपन्यास पर आधारित है। यह नेटफ्लिक्स की पहली ओरिजिनल पाकिस्तानी वेब सीरीज है। इसका निर्देशन और निर्माण मोमिना दुरैद ने किया है।
रोमांटिक ड्रामा पर आधारित इस सीरीज में तीन पीढ़ियों की छह प्रेम कहानियों को दिखाया गया है। इसमें फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर, अहद रजा मीर, इक़रा अजीज और सनम सईद समेत कई पाकिस्तानी कलाकार नजर आएंगे।
सीरीज का वैश्विक प्रीमियर 4 दिसंबर 2026 को निर्धारित है, लेकिन नेटफ्लिक्स के फैसले के बाद यह भारत में उपलब्ध नहीं होगी।
