पूनम ढिल्लों की तबीयत बिगड़ी, डेंगू के चलते अस्पताल में भर्ती, जानिए अब कैसी है हालत
मुंबई: दिग्गज अभिनेत्री और सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) की अध्यक्ष पूनम ढिल्लों डेंगू की चपेट में आने के बाद मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी तबीयत को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक अभिनेत्री की हालत अब पहले से बेहतर है और वह इलाज के बाद धीरे-धीरे रिकवर कर रही हैं।
पूनम ढिल्लों के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आने के बाद उनके प्रशंसक उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं। हालांकि, ताजा हेल्थ अपडेट से फैंस को राहत मिली है। पत्रकार विक्की लालवानी के मुताबिक उन्होंने अभिनेत्री से उनके स्वास्थ्य के बारे में मैसेज के जरिए जानकारी ली थी, जिस पर पूनम ढिल्लों ने बताया कि वह अब पहले से बेहतर महसूस कर रही हैं और रिकवरी कर रही हैं।
लीलावती अस्पताल में चल रहा इलाज
रिपोर्ट्स के अनुसार पूनम ढिल्लों पिछले कुछ दिनों से डेंगू से जूझ रही हैं और उनका मुंबई के लीलावती अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल उनकी ओर से स्वास्थ्य को लेकर कोई विस्तृत मेडिकल जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन उपलब्ध अपडेट में उनके रिकवर करने की बात कही गई है।
पूनम ढिल्लों हिंदी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्रियों में शामिल हैं। 'सोहनी माहीवाल', 'ये वादा रहा' और 'नाम' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया है।
CINTAA विवाद के बीच आई अस्पताल में भर्ती होने की खबर
पूनम ढिल्लों के अस्पताल में भर्ती होने की खबर ऐसे समय आई है, जब CINTAA में नेतृत्व और संगठन के कामकाज को लेकर विवाद चल रहा है। अगस्त में संगठन के 11 सदस्यों ने इस्तीफा दिया था। इनमें आठ निर्वाचित कार्यकारी समिति सदस्य शामिल थे। इस्तीफा देने वाले सदस्यों ने संगठन के कामकाज में पारदर्शिता और सामूहिक निर्णय प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए तथा नए चुनाव की मांग की थी।
इस्तीफा देने वाले आठ निर्वाचित सदस्यों में हेमंत पांडे, मुकेश ऋषि, साहिला चड्ढा, हेतल परमार, पुनीत इस्सर, विंदू दारा सिंह, विकास वर्मा और दीपक पाराशर शामिल थे।
उपासना सिंह ने लगाए गंभीर आरोप
CINTAA की जनरल सेक्रेटरी और अभिनेत्री उपासना सिंह ने संगठन के मौजूदा नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने पूनम ढिल्लों और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद्मिनी कोल्हापुरे पर संगठन में कथित तौर पर एकतरफा फैसले लेने और असहमति रखने वाले सदस्यों पर कार्रवाई किए जाने के आरोप लगाए।
उपासना सिंह ने यह भी दावा किया था कि जो सदस्य नेतृत्व की बात से सहमत नहीं होते, उन्हें शो-कॉज नोटिस भेजे जाने की स्थिति बनी। हालांकि, पूनम ढिल्लों ने इन आरोपों को खारिज किया है और कहा है कि वह इस तरह के आरोप-प्रत्यारोप में शामिल नहीं होना चाहतीं।
CINTAA की ओर से भी संगठन के कामकाज को लेकर सामने आई कुछ रिपोर्टों और आरोपों का खंडन किया गया था। संगठन ने कहा था कि वह पूरी तरह कार्यरत है और कार्यकारी समिति के भंग होने की बात सही नहीं है। फिलहाल पूनम ढिल्लों के प्रशंसकों की नजर उनके स्वास्थ्य पर है। अभिनेत्री के जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की उम्मीद जताई जा रही है।
