CM विजय-संगीता की शादी नहीं टूटेगी? तलाक की अर्जी वापस, फैमिली कोर्ट ने खत्म की सुनवाई
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता विजय की पत्नी संगीता ने परिवार न्यायालय में दायर तलाक की याचिका वापस ले ली है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उन्होंने अदालत को अपना फैसला बताया, जिसके बाद कोर्ट ने मामला समाप्त कर दिया। जानिए पूरे घटनाक्रम और इस फैसले की वजह।
Sangeetha Divorce Petition: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता सी. जोसेफ विजय की निजी जिंदगी से जुड़ा चर्चित मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। उनकी पत्नी संगीता सोर्नालिंगम ने परिवार न्यायालय में दायर अपनी तलाक की याचिका वापस ले ली है। इसके बाद अदालत ने मामले का निस्तारण करते हुए कार्यवाही समाप्त कर दी। यह फैसला कई महीनों से चल रही कानूनी प्रक्रिया के बीच आया है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत को दी जानकारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संगीता ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश होकर स्पष्ट किया कि वह अब अपनी तलाक याचिका को आगे नहीं बढ़ाना चाहतीं। उनके इस बयान के बाद चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट ने याचिका वापस लेने की अनुमति देते हुए मामले को बंद कर दिया।
कई महीनों से चल रही थी कानूनी प्रक्रिया
संगीता ने इस वर्ष की शुरुआत में विजय से वैवाहिक संबंध समाप्त करने के लिए परिवार न्यायालय का रुख किया था। इसके बाद मामले की कई बार सुनवाई हुई, लेकिन अलग-अलग कारणों से सुनवाई टलती रही। हाल ही में अदालत ने अगली सुनवाई 7 अगस्त तय की थी। इसी दौरान संगीता ने अपना रुख बदलते हुए याचिका वापस लेने का निर्णय लिया।
अदालत ने समाप्त की कार्यवाही
याचिका वापस लेने के बाद अदालत ने इस मामले में आगे की कार्यवाही की आवश्यकता नहीं मानते हुए इसे समाप्त कर दिया। फिलहाल इस संबंध में मुख्यमंत्री विजय की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
काफी समय से चर्चा में था मामला
विजय और संगीता की वैवाहिक जिंदगी पिछले कुछ महीनों से लगातार सुर्खियों में रही थी। अदालत में मामला पहुंचने के बाद इस पर राजनीतिक और फिल्मी हलकों में भी चर्चा तेज हो गई थी। अब याचिका वापस लिए जाने के बाद इस बहुचर्चित मामले पर फिलहाल कानूनी विराम लग गया है।
अटकलों पर फिलहाल विराम
तलाक याचिका वापस लेने के फैसले के बाद सोशल मीडिया पर चल रही तमाम अटकलों को भी फिलहाल विराम मिल गया है। हालांकि, इस फैसले के पीछे की व्यक्तिगत वजहों पर न तो संगीता और न ही विजय की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। अदालत के रिकॉर्ड में अब यह मामला समाप्त माना जाएगा।
