Movie prime

TikTok से बनी स्टार, 50 से ज्यादा गानों में किया काम...30 साल की उम्र में हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही का निधन

 
,,
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
हरियाणवी फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री की चर्चित एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही का 30 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। मंगलवार देर रात गाजियाबाद स्थित घर पर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि चक्कर आने के बाद वह जमीन पर गिर गईं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।

परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुधवार सुबह गाजियाबाद में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन की खबर के बाद हरियाणवी इंडस्ट्री और फैंस में शोक की लहर है।

गाजियाबाद में रहता था परिवार

दिव्यांका सिरोही का जन्म 19 नवंबर 1996 को बुलंदशहर में हुआ था। उनका परिवार फिलहाल गाजियाबाद में रहता है। उन्होंने चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से बी.कॉम की पढ़ाई की थी। इसके बाद सिक्किम से MBA और गुरुग्राम से B.Ed की डिग्री हासिल की।

परिवार में उनके दो भाई हिमांशु और दीपांशु तथा बहन जसमीत हैं। पिता गजेंद्र ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि मां अनीता गृहिणी हैं।

भाई ने बताई घटना की पूरी जानकारी

दिव्यांका के भाई हिमांशु ने बताया कि मंगलवार रात करीब 8 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी और वह घर में ही फर्श पर गिर गईं। गिरने से उनके सिर में अंदरूनी चोट लगी और खून बहने लगा।

उन्होंने बताया कि जब छोटा भाई दीपांशु वहां पहुंचा, तब तक दिव्यांका का शरीर ठंडा पड़ चुका था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

TikTok से मिली पहचान

दिव्यांका सिरोही ने अपने करियर की शुरुआत TikTok वीडियो से की थी। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि दिवाली के दौरान पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के गाने “मेरी मम्मी नूं पसंद नि तू” पर बनाया गया उनका वीडियो वायरल हो गया था। इस वीडियो को करीब 20 मिलियन व्यूज मिले थे, जिसके बाद वह सोशल मीडिया पर लोकप्रिय हो गईं।

बाद में उनके TikTok पर करीब 5 मिलियन फॉलोअर्स हो गए थे। इंस्टाग्राम पर भी उनके 1.3 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स थे।

50 से ज्यादा हरियाणवी गानों में किया काम

दिव्यांका ने हरियाणवी इंडस्ट्री के कई बड़े कलाकारों के साथ काम किया था। उन्होंने मासूम शर्मा, अमित सैनी रोहतकिया और केडी जैसे कलाकारों के साथ 50 से ज्यादा म्यूजिक वीडियो में अभिनय किया।

एक लाइव शो के दौरान मासूम शर्मा ने मंच से दिव्यांका का परिचय करवाया था, जहां दर्शकों ने तालियों से उनका स्वागत किया था।

परिवार को ‘बेटे’ की तरह संभालती थीं

एक इंटरव्यू में दिव्यांका ने कहा था कि परिवार ने हमेशा उनका साथ दिया। उन्होंने 2018 में नौकरी भी की, लेकिन बाद में एक्टिंग करियर के लिए नौकरी छोड़ दी।

उन्होंने यह भी कहा था कि शूटिंग पर वह अक्सर अपने भाई को साथ लेकर जाती थीं। पिता की तबीयत ठीक न रहने के कारण परिवार की कई जिम्मेदारियां वह खुद संभालती थीं।

शादी को लेकर उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था, “शादी का लड्डू खाकर भी पछताना पड़ता है और न खाकर भी, इसलिए फिलहाल शादी का कोई इरादा नहीं है।”