पहले दिन 101 करोड़ के बाद दूसरे दिन धड़ाम हुई यश की TOXIC, फिर भी दो दिन में कमा लिए 138.75 करोड़
Toxic Box Office Collection: यश की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन अप्स’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत के बाद दूसरे दिन रफ्तार खो दी है। फिल्म ने बुधवार को 101.10 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी, लेकिन गुरुवार यानी 27 अगस्त को इसकी कमाई घटकर 37.65 करोड़ रुपये रह गई। इसके बावजूद फिल्म ने रिलीज के दो दिनों में भारत में 138.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है।
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक’ की दूसरे दिन की कमाई में पहले दिन के मुकाबले करीब 62.8 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को फिल्म के 22,629 शो रहे और इनमें करीब 26.6 फीसदी ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई।
दो दिन में 138.75 करोड़, ग्रॉस कलेक्शन 165.85 करोड़
‘टॉक्सिक’ का भारत में दो दिनों का नेट कलेक्शन 138.75 करोड़ रुपये पहुंच गया है, जबकि फिल्म का घरेलू ग्रॉस बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 165.85 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
खास बात यह है कि फिल्म अपनी मूल भाषा कन्नड़ की तुलना में हिंदी वर्जन में बेहतर प्रदर्शन कर रही है। पहले दिन हिंदी वर्जन ने सबसे ज्यादा 55 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। इसके बाद कन्नड़ वर्जन ने 23.30 करोड़, तेलुगु ने 16 करोड़, तमिल ने 5.50 करोड़ और मलयालम वर्जन ने 1.30 करोड़ रुपये कमाए।
वर्ल्डवाइड 190 करोड़ के पार पहुंची ‘Toxic’
फिल्म ने विदेशों में भी दूसरे दिन करीब 10 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ इसका ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन बढ़कर 26.25 करोड़ रुपये हो गया है।
दो दिनों में ‘टॉक्सिक’ का वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 190.10 करोड़ रुपये पहुंच गया है। रक्षाबंधन के चलते देश के कई हिस्सों में छुट्टी का फायदा फिल्म को शुक्रवार को मिल सकता है। ऐसे में फिल्म के 200 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने की उम्मीद बढ़ गई है।
दूसरे दिन ‘धुरंधर 2’, ‘पुष्पा 2’ और ‘KGF 2’ से पीछे रही
हालांकि, दूसरे दिन की कमाई के मामले में ‘टॉक्सिक’ कुछ बड़ी फिल्मों का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाई। फिल्म ने भारत में दूसरे दिन 37.65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जो ‘धुरंधर 2’ के 80.72 करोड़, ‘पुष्पा 2’ के 93.80 करोड़ और ‘KGF: चैप्टर 2’ के 90.50 करोड़ रुपये से काफी कम है।
वहीं, पहले दिन 101.10 करोड़ रुपये की नेट ओपनिंग के साथ ‘टॉक्सिक’ ने शानदार शुरुआत की थी। अब फिल्म की नजर तीसरे दिन के कलेक्शन पर है। रक्षाबंधन की छुट्टी और वीकेंड के कारण इसकी कमाई में फिर से तेजी आने की उम्मीद है।
