सऊदी अरब ने हज को लेकर इस बार एक अहम फैसला लिया है। नए नियम के तहत 2025 के हज में बच्चों की एंट्री पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। सऊदी अरब के हज और उमरा मंत्रालय ने यह निर्णय भीड़ नियंत्रण और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।
पहली बार हज करने वालों को मिलेगी प्राथमिकता
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि 2025 में उन्हीं लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो पहली बार हज करने जा रहे हैं। बच्चों की एंट्री पर बैन भीड़-भाड़ में होने वाली असुविधा और सुरक्षा कारणों को देखते हुए लगाया गया है।
Nusuk ऐप के जरिए कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन
सऊदी अरब के नागरिक और वहां के निवासी Nusuk ऐप या आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल के जरिए हज के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। आवेदकों को अपनी जानकारी सत्यापित करानी होगी और यात्रा करने वाले साथियों का भी पंजीकरण अनिवार्य होगा।
किन देशों पर पड़ेगा असर?
सऊदी अरब के नए वीजा नियमों से निम्नलिखित देश प्रभावित होंगे:
- भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, इंडोनेशिया, इराक, जॉर्डन, मोरक्को, नाइजीरिया, मिस्र, सूडान, यमन, अल्जीरिया, ट्यूनीशिया और इथियोपिया।
इन देशों के लिए एक साल के मल्टीपल एंट्री वीजा को अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दिया गया है। अब इन देशों के नागरिक केवल 30 दिनों के लिए सिंगल एंट्री वीजा ही प्राप्त कर सकेंगे।
सऊदी अरब में हज और उमरा नियमों में बदलाव जारी
सऊदी सरकार समय-समय पर हज और उमरा को लेकर नियमों में बदलाव करती रही है। 2024 में सऊदी प्रशासन ने ग्रेट ग्रैंड मस्जिद के पास भीड़ बढ़ने के कारण उमरा यात्रियों को फोटोग्राफी न करने की सलाह दी थी और बिना परमिशन किसी की तस्वीर खींचने पर भी रोक लगाई थी।