एंडी बर्नहैम बने ब्रिटेन के 59वें प्रधानमंत्री, कीर स्टार्मर के इस्तीफे के बाद संभाली सत्ता
लंदन। कीर स्टार्मर के इस्तीफे के बाद लेबर पार्टी के नेतृत्व चुनाव में निर्विरोध जीत हासिल करने वाले एंडी बर्नहैम ने सोमवार को ब्रिटेन के 59वें प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाल लिया। वह पिछले 10 वर्षों में ब्रिटेन के सातवें प्रधानमंत्री हैं। बर्नहैम ने बकिंघम पैलेस में किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात की और सरकार बनाने का निमंत्रण स्वीकार किया। ब्रिटिश राजनीतिक परंपरा में सत्ता हस्तांतरण की इस औपचारिक प्रक्रिया को ‘किसिंग हैंड्स’ कहा जाता है।
सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया कीर स्टार्मर द्वारा किंग चार्ल्स को अपना इस्तीफा सौंपने के तुरंत बाद पूरी हुई। 56 वर्षीय बर्नहैम, जो इससे पहले ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर रह चुके हैं, सितंबर में संसद का ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद सांसदों का सामना करेंगे। उन्हें राजनीतिक तौर पर ‘किंग ऑफ द नॉर्थ’ के नाम से भी जाना जाता है।
अगस्त में यूके का लिसनिंग टूर करेंगे बर्नहैम
संसद के छह सप्ताह के अवकाश के दौरान बर्नहैम अगस्त में पूरे ब्रिटेन का ‘लिसनिंग टूर’ करेंगे। उनके कार्यक्रम में दक्षिण वेल्स के पोर्ट टैलबोट का दौरा भी शामिल हो सकता है। सितंबर 2024 में यहां आखिरी स्टील-मेकिंग ब्लास्ट फर्नेस बंद हुआ था, जिसके बाद करीब 2,800 लोगों की नौकरियां चली गई थीं।
नई कैबिनेट के गठन की तैयारी
प्रधानमंत्री बनने के बाद बर्नहैम अब अपनी कैबिनेट के गठन की प्रक्रिया शुरू करेंगे। इसमें चांसलर, विदेश सचिव और गृह सचिव जैसे अहम पद शामिल हैं। ब्रिटेन की व्यवस्था के तहत नई सरकार को कार्यभार संभालने के लिए किसी अलग शपथ ग्रहण समारोह या संसद में विश्वास मत की आवश्यकता नहीं होती।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बर्नहैम सरकार का पहला बड़ा फैसला टेम्स वाटर को विशेष प्रशासनिक व्यवस्था के तहत लाने से जुड़ा हो सकता है। इसके जरिए पुनर्गठन के दौरान कंपनी को अस्थायी रूप से सार्वजनिक नियंत्रण में लाने पर विचार किया जा सकता है।
स्टार्मर ने दो साल से भी कम समय में छोड़ा पद
कीर स्टार्मर ने 22 जून को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। स्थानीय चुनावों में लेबर पार्टी के खराब प्रदर्शन और पीटर मैंडेलसन को अमेरिका में राजदूत नियुक्त करने को लेकर उठे विवाद के बीच उन पर पार्टी के भीतर दबाव बढ़ गया था।
अपने अंतिम प्राइम मिनिस्टर्स क्वेश्चंस में स्टार्मर ने अपने कार्यकाल का बचाव करते हुए श्रमिकों के लिए मजबूत सुरक्षा, बाल गरीबी में कमी, आधिकारिक लीपापोती रोकने के लिए नए कानून और रक्षा खर्च बढ़ाने जैसी उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि वह देश को पहले से बेहतर स्थिति में छोड़कर जा रहे हैं।
'ब्रिटेन के लिए नया रास्ता तैयार करेंगे'
लेबर नेता के रूप में अपने पहले भाषण में एंडी बर्नहैम ने ब्रिटेन के लिए नया रास्ता तैयार करने का वादा किया। उन्होंने जीवन को अधिक किफायती बनाने और क्षेत्रीय असमानताओं को कम करने पर जोर दिया।
बर्नहैम ने कहा कि यह बदलाव पिछले 40 वर्षों में ब्रिटिश राजनीति का सबसे महत्वपूर्ण क्षण है। उन्होंने उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम के साथ-साथ स्कॉटलैंड, वेल्स और उत्तरी आयरलैंड के लिए समान रूप से शासन करने का संकल्प लिया। अगले आम चुनाव के लिए 2029 तक कोई संवैधानिक बाध्यता नहीं है।
