Movie prime

विदेश जाने की सोच रहे हैं? इन 4 देशों के वीज़ा फैसले जरूर जान लें, भारतीयों पर सीधा असर

 
Visa
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

साल के अंत में चार देशों ने भारतीय नागरिकों के लिए वीजा को लेकर अहम फैसले लिए हैं। इनमें दो फैसले राहत देने वाले हैं, जबकि दो ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। चीन और न्यूजीलैंड ने जहां वीजा प्रक्रिया को आसान किया है, वहीं अमेरिका ने नियम कड़े कर दिए हैं। चौथा फैसला बांग्लादेश की ओर से आया है, जिसने भारत के साथ बढ़ते तनाव के बीच भारतीयों के लिए वीजा सेवाएं निलंबित कर दी हैं।

चीन: ऑनलाइन वीजा प्रक्रिया हुई आसान

चीन ने भारतीय नागरिकों के लिए वीजा आवेदन प्रक्रिया को सरल बना दिया है। अब ऑनलाइन वीजा सिस्टम के जरिए आवेदन किया जा सकेगा, जिससे पहले की तरह ढेरों दस्तावेज़ों को भौतिक रूप से जमा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। चीनी दूतावास ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीचैट पर जानकारी दी थी कि यह ऑनलाइन वीजा सेवा 22 दिसंबर से शुरू हो गई है। इससे खासतौर पर बिजनेस और टूरिस्ट वीजा आवेदकों को बड़ी राहत मिलेगी।

न्यूजीलैंड: FTA के तहत भारतीयों को नए अवसर

भारत और न्यूजीलैंड के रिश्तों में मजबूती के संकेत मिल रहे हैं। दोनों देशों के बीच हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के तहत भारतीय पेशेवरों और छात्रों के लिए वीजा नियम आसान किए गए हैं। इस समझौते के तहत 5,000 भारतीय प्रोफेशनल्स को एक साथ न्यूजीलैंड में रहने और काम करने की अनुमति देने वाला नया अस्थायी रोजगार वीजा शुरू किया जाएगा।
इसके अलावा 18 से 30 वर्ष की आयु के युवाओं के लिए 12 महीने का वर्किंग हॉलीडे वीजा और भारतीय छात्रों को पढ़ाई के दौरान सप्ताह में 20 घंटे तक काम करने की सुविधा भी दी गई है। इससे शिक्षा, रोजगार और आपसी सहयोग को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

अमेरिका: H-1B वीजा पर सख्ती

अमेरिका ने भारतीयों के लिए बड़ा झटका दिया है। H-1B वीजा नियमों को और सख्त करते हुए सोशल मीडिया स्क्रूटनी शुरू की गई है। इसके साथ ही दिसंबर के मध्य से हजारों H-1B वीजा इंटरव्यू रद्द कर दिए गए हैं। 15 से 26 दिसंबर के बीच तय कई अपॉइंटमेंट्स को कैंसिल कर दिया गया, जिससे भारतीय प्रोफेशनल्स की अमेरिका वापसी में देरी तय मानी जा रही है। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि यह कदम राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया गया है।

बांग्लादेश: भारत के लिए वीजा सेवाएं निलंबित

चौथा और चौंकाने वाला फैसला बांग्लादेश ने लिया है। भारत की तर्ज पर चलते हुए बांग्लादेश ने भी भारतीय नागरिकों के लिए वीजा सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं। नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन और त्रिपुरा में उसके मिशन में वीजा सेवाएं रोक दी गई हैं। माना जा रहा है कि यह कदम भारत-बांग्लादेश के बीच बढ़ते कूटनीतिक तनाव का नतीजा है।

कुल मिलाकर, इन फैसलों ने भारतीय यात्रियों, छात्रों और पेशेवरों के सामने मिली-जुली तस्वीर पेश की है—कहीं राहत और अवसर, तो कहीं अनिश्चितता और चुनौतियां।