Movie prime

अयातुल्ला खामेनेई की पत्नी मंसूरेह खोजस्तेह की मौत, दो दिन पहले इजराइली हमलों में बुरी तरह हुई थी घायल

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
तेहरान। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की पत्नी मंसूरेह खोजस्तेह बाघेरजादेह का सोमवार को निधन हो गया। ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, हाल ही में हुए हवाई हमलों में वे गंभीर रूप से घायल हो गई थीं और लंबे इलाज के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।

सरकारी रिपोर्टों के अनुसार, 28 फरवरी को तेहरान समेत कई अहम ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए गए थे। इन हमलों में सुप्रीम लीडर खामेनेई के मारे जाने की भी पुष्टि ईरानी अधिकारियों ने की है। बताया जा रहा है कि हमलों में उनके परिवार के कुछ अन्य सदस्य भी हताहत हुए, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

40 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित

खामेनेई की मौत के बाद ईरान सरकार ने 40 दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान देशभर में सार्वजनिक कार्यक्रमों और उत्सवों पर रोक लगा दी गई है। अयातुल्ला अली खामेनेई वर्ष 1989 से ईरान के सर्वोच्च धार्मिक और राजनीतिक नेता थे। उनके निधन को देश के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।

मंसूरेह खोजस्तेह बाघेरजादेह ने 1964 में खामेनेई से विवाह किया था। उनके छह बच्चे हैं। वे हमेशा सार्वजनिक जीवन से दूर रहीं और निजी जीवन को प्राथमिकता दी। सरकारी आयोजनों में उनकी मौजूदगी बेहद कम देखने को मिलती थी।

मध्य पूर्व में बढ़ता तनाव

इन हवाई हमलों को मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव की एक अहम कड़ी माना जा रहा है। ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच लंबे समय से जारी तनाव के बीच यह घटना क्षेत्रीय राजनीति को और जटिल बना सकती है।

ईरान ने हमलों को आक्रामक कार्रवाई बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया की चेतावनी दी है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय समुदाय की ओर से इस घटना पर चिंता व्यक्त की जा रही है।

खामेनेई के निधन के बाद अब ईरान में नेतृत्व के उत्तराधिकार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं, जिससे देश की राजनीतिक स्थिति और भी संवेदनशील हो गई है।